• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

शहीद फौजी की बेटी की शादी में पहुंचे जाट बटालियन के जवान, पिता का कर्तव्य निभाया

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

बागपत, उत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के काठा गांव में एक शादी में फौजी भाईचारे की ऐसी मिसाल देखने को मिली जिसनें हर किसी को भावुक कर दिया। जी हां, यहां दिवंगत हवलदार हरेंद्र सिंह के फौजी साथियों ने उनकी बेटी की शादी में पहुंचकर पिता के दायित्व को निभाया जानकारी के अनुसार, बागपत के काठा गांव में दिवंगत हवलदार हरेंद्र सिंह की बेटी प्राची की शादी थी। घर में खुशी का माहौल था, लेकिन बेटी के सिर पर पिता का साया नहीं था। ऐसे में हरेंद्र सिंह के फौजी साथियों ने तय किया कि शादी में किसी भी तरह की कमी नहीं रहने दी जाएगी।

शादी वाले दिन जब कई फौजी जवान वर्दी में गांव पहुंचे तो लोग हैरान रह गए। ये कोई सामान्य मेहमान नहीं थे, बल्कि दुल्हन के पिता के साथी थे, जो उनकी बेटी की शादी में शामिल होने आए थे। 21 जाट रेजिमेंट के कैप्टन, सूबेदार, नायब सूबेदार और हवलदार समेत कई जवान शादी की तैयारियों में जुट गए। उन्होंने घराती और बारातियों की सेवा की और शादी की सभी रस्मों को पूरी जिम्मेदारी के साथ निभाया। जब मंडप में कन्यादान का समय आया तो फौजी साथियों ने पिता बनकर यह पवित्र रस्म निभाई। इसके साथ ही उन्होंने मिलकर बेटी के कन्यादान के लिए करीब 6 लाख से अधिक रुपये का सहयोग भी दिया। सात फेरों के दौरान भी फौजी साथी बेटी के साथ खड़े रहे और विदाई के समय माहौल बेहद भावुक हो गया।

दरअसल हवलदार हरेंद्र सिंह अरुणाचल प्रदेश में तैनात थे और वर्ष 2020 में रिटायर हुए थे। लेकिन कुछ समय बाद एक सड़क हादसे में उनकी मौत हो गई। उनके निधन के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा था, लेकिन उनके फौजी साथियों ने परिवार का साथ नहीं छोड़ा। दुल्हन की मां अमृता देवी ने बताया कि बेटी की शादी में फौजियों ने पूरा सहयोग किया। उन्होंने कन्यादान के लिए लाखों रुपये दिए और सभी रस्में भी निभाईं।