अयोध्या, उत्तर प्रदेश
हनुमान जयंती के अवसर पर रामजन्मभूमि परिसर में बने हनुमान मंदिर में धर्म ध्वजा फहराई गई। बता दें, यह मंदिर परिसर के परकोटे की दक्षिण दिशा में स्थित है। ध्वजारोहण का कार्य पूर्व सांसद और बजरंग दल के संस्थापक अध्यक्ष विनय कटियार ने किया। इस अवसर पर भाजपा नेता जयभान सिंह पवैया, करीब 150 साधु-संत, ट्रस्ट के पदाधिकारी और अन्य खास लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह पूजा-अर्चना से हुई। मंदिर में विराजमान बजरंग बली का पंचामृत से अभिषेक किया गया और उन्हें नए वस्त्र पहनाए गए। इसके बाद सुबह करीब 11 बजे मंत्रोच्चार के साथ ध्वज पूजन हुआ और लगभग 75 फीट ऊंचे मंदिर के शिखर पर धर्म ध्वजा फहराई गई। ध्वजारोहण के बाद पूरे दिन मंदिर को खुला रखा गया, ताकि आमंत्रित अतिथि, ट्रस्ट के कर्मचारी और सुरक्षा में तैनात जवान भी भगवान के दर्शन कर सकें।



