अमरोहा, उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश के अमरोहा में एक किसान एक ऐसा नेक कार्य कर रहे है जिससे उनकी चर्चा हर तरफ हो रही है। जी हां, अमरोहा के गांव मिलक मेहम्मदी के रहने वाले विजयवीर सिंह गरीब परिवारों की बेटियों की शादी में अपनी तरफ से नेग के रूप में गाय का दूध और उससे बने उत्पाद जैसे पनीर, दही और छाछ (मट्ठा) निशुल्क देते हैं। इसके अलावा शादी या अन्य शुभ अवसर पर पूजा के लिए घी भी उपलब्ध कराते हैं।
अब तक वे छह गरीब परिवारों की बेटियों की शादी में यह सामग्री
अपने खर्च पर दे चुके हैं। इसके लिए परिवार को शादी से करीब एक सप्ताह पहले उन्हें
सूचना देनी होती है। विजयवीर सिंह ने यह काम किसी की प्रेरणा से नहीं, बल्कि अपनी सोच और समाज के प्रति जिम्मेदारी को
देखते हुए शुरू किया है। इसके साथ ही विजयवीर सिंह फिलहाल नौ गाय और तीन भैंस
पालते हैं। इसके साथ ही उन्होंने गांव में गो सेवा के लिए एक छोटा आश्रम भी शुरू
किया है। उनका कहना है कि अगर किसी को कहीं निराश्रित गाय मिले तो उसे उनके आश्रम
में लाकर छोड़ सकते हैं, जहां उसकी सेवा की जाएगी।



