एटा, उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश के एटा जिले में मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण SIR अभियान के दौरान हैरान करने वाला तथ्य सामने आया है। जानकारी के अनुसार, सर्वे में पता चला है कि एटा जिले के एक लाख से ज्यादा लोग स्थायी रूप से दूसरे जिलों में जाकर बस चुके हैं। इसके अलावा 32,000 से ज्यादा लोग मृत पाए गए, जिनके नाम मतदाता सूची से हटाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
साथ ही 74,000 से अधिक मतदाता अपने घरों पर अनुपस्थित मिले। BLO लगातार इन लोगों से सम्पर्क करने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि पता चल सके कि वे घर पर नहीं मिले या कहीं और चले गए हैं। प्रशासन की कोशिश है कि किसी योग्य व्यक्ति का नाम गलती से न हटे। वहीं इस अभियान के तहत कुल 13 लाख 9 हजार 967 मतदाताओं का घर-घर सत्यापन किया गया। इनमें से 1,03,500 लोग ऐसे पाए गए जो स्थायी रूप से दूसरे जिलों में जाकर बस चुके हैं। साथ ही जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह ने बताया है कि अभी किसी का भी वोट नहीं काटा गया है। जो मतदाता अनुपस्थित मिले हैं, वो बीएलओ, एसडीएम या तहसील जाकर अपना विवरण सत्यापित करा सकते हैं।



