रामपुर,उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश में स्वच्छता, नवाचार और रोजगार को बढ़ावा देने के लिए लगातार नए प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘वेस्ट टू वेल्थ’ यानी कचरे को संसाधन में बदलने के विजन को आगे बढ़ाते हुए रामपुर जिला प्रशासन ने एक सराहनीय कदम उठाया है। रामपुर में ‘जीरो वेस्ट मॉडल’ को लागू किया जा रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में लंबे समय से खड़ी 8 पुरानी और निष्क्रिय एंबुलेंस को चिन्हित किया गया। इन एंबुलेंस को कबाड़ में बेचने के बजाय उन्हें मॉडिफाई कर आकर्षक दुकानों में बदल दिया गया। अब इन वैनशॉप को रेहड़ी-पटरी संचालकों को दिया गया है, जिससे उन्हें रोजगार का साधन मिल रहा है। बता दें शहर में पहले ठेलों और अतिक्रमण के कारण अक्सर यातायात प्रभावित होता था और छोटे व्यापारियों को भी बार-बार हटाए जाने का डर बना रहता था। इस समस्या के समाधान के लिए फोटो चुंगी के पास प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत एक आधुनिक वेंडिंग जोन बनाया गया है।
इस वेंडिंग जोन के बनने से न केवल यातायात व्यवस्था बेहतर हुई है, बल्कि छोटे व्यापारियों को सुरक्षित और स्थान भी मिला है। यहां लोगों को कपड़े, खाने-पीने की चीजें, फास्ट फूड और बच्चों के खिलौने जैसे सामान एक ही जगह पर आसानी से मिल जाएंगे। साथ ही जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने स्वयं इन दुकानों का निरीक्षण कर विक्रेताओं का उत्साह बढ़ाया। प्रशासन की योजना है कि आने वाले समय में शहर के अन्य हिस्सों में भी इसी तरह के वेंडिंग जोन विकसित किए जाएं, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को रोजगार मिल सके



