चम्पावत, उत्तराखण्ड
उत्तराखण्ड के चम्पावत जिले के युवा
इनोवेटर राहुल नरियाल ने अपनी मेहनत, तकनीकी कौशल और
नवाचार की सोच से एक प्रेरणादायक उपलब्धि प्राप्त की है। जी हां, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे राहुल ने लगभग ₹40
हजार की लागत से एक व्यक्ति के बैठने की क्षमता वाली सोलर कार तैयार की है। उनकी
यह पहल न केवल युवाओं की रचनात्मक प्रतिभा को दर्शाती है, बल्कि सौर ऊर्जा जैसी वैकल्पिक ऊर्जा के उपयोग की संभावनाओं को
भी सामने लाती है।
बता दें, चम्पावत के मादली
निवासी राहुल नरियाल लोंगोवाल पॉलीटेक्निक कॉलेज, डेराबस्सी में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के छात्र हैं।
प्रकाशित समाचार के अनुसार, उन्होंने करीब एक महीने के प्रयास से यह
सोलर कार तैयार की। सीमित संसाधनों में तकनीकी ज्ञान को व्यावहारिक रूप देने का
उनका प्रयास अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।
राहुल की इस उपलब्धि की सराहना करते हुए
उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें अपने देहरादून स्थित आवास
पर शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया था। इसके बाद चम्पावत के जिलाधिकारी मनीष कुमार ने भी
राहुल को सम्मानित कर उनकी मेहनत,
लगन और रचनात्मक सोच
की प्रशंसा की।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने राहुल के पिता भैरव दत्त नरियाल और माता बसंती देवी को भी शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और बेटे की उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने राहुल के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए तकनीकी नवाचार और अध्ययन के क्षेत्र में आगे भी इसी उत्साह से कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया। राहुल नरियाल की सफलता यह संदेश देती है कि दृढ़ संकल्प, मेहनत और तकनीकी शिक्षा के सही उपयोग से युवा सीमित संसाधनों में भी नए प्रयोग कर सकते हैं।



