बांद्रा एक्सप्रेस से पकड़ा गया अफगान नागरिक, खुफिया एजेंसियाँ सतर्क
देहरादून–बांद्रा एक्सप्रेस में चेन पुलिंग की जाँच के दौरान रेलवे पुलिस बल (RPF) को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जाँच के दौरान पुलिस ने ट्रेन में सवार एक संदिग्ध विदेशी नागरिक को पकड़कर स्थानीय पुलिस को सौंपा है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी अफगानिस्तान का नागरिक है और पिछले चार साल से अवैध रूप से भारत में रह रहा था।
चेन पुलिंग की जाँच में खुलासा
रविवार शाम देहरादून से बांद्रा जा रही एक्सप्रेस ट्रेन में रुड़की के पास अचानक चेन पुलिंग हो गई। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस बल की टीम मौके पर पहुँची और जाँच शुरू की। इसी दौरान ट्रेन में सवार एक व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं, जिसके बाद उससे पूछताछ की गई।
अफगानिस्तान का निकला आरोपी
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नजीबुल्लाह (46) पुत्र हाजी बिस्मिल्लाह बताया। वह अफगानिस्तान के कंधार प्रांत का रहने वाला है। आरोपी ने बताया कि वह वर्ष 2018 से सहारनपुर के देवबंद स्थित दारुल उलूम में पढ़ाई कर रहा था।
2021 में खत्म हो चुका था वीजा
आरोपी ने स्वीकार किया कि उसका भारतीय वीजा वर्ष 2021 में समाप्त हो चुका था। जब पुलिस ने उससे वीजा और अन्य वैध प्रमाण पत्र माँगे, तो वह कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।
अवैध रूप से रहने का मामला दर्ज
रेलवे पुलिस बल ने आरोपी को गंग नहर कोतवाली पुलिस को सौंप दिया है। इस संबंध में रुड़की रेलवे पुलिस चौकी के उपनिरीक्षक कमलेश प्रसाद की ओर से तहरीर दी गई, जिसके आधार पर पुलिस ने अवैध रूप से देश में रहने का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
खुफिया इकाई भी कर रही पूछताछ
सूचना इकाई की टीम ने भी आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, आरोपी का हरिद्वार के कलियर क्षेत्र में आना-जाना भी सामने आया है, जिसकी जाँच की जा रही है।
कोर्ट में पेश किया जाएगा आरोपी
गंग नहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनोहर भंडारी का कहना है कि पकड़े गए अफगानी नागरिक की कोर्ट में पेशी के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



