• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

सूर्य नमस्कार कर छात्र ने बनाया विश्व रिकॉर्ड

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

मेरठ, उत्तर प्रदेश

यूपी के मेरठ में गांव पांचली खुर्द के एक छात्र ने अपनी मेहनत से विश्व रिकॉर्ड बनाकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है, जबकि बॉक्सिंग खिलाड़ियों ने भी प्रतियोगिता के लिए दमखम दिखाया। बता दें, योगांजलि विद्यापीठ ट्रस्ट, पांचली खुर्द के योगाचार्य अनुज कुमार योगी ने बताया कि गांव पांचली खुर्द के रहने वाले योग छात्र प्रतीक पाल ने ऑनलाइन 8 घंटे तक लगातार सूर्य नमस्कार कर एक नया रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने कुल 5148 बार सूर्य नमस्कार किया, जिसके आधार पर उनका नाम लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है।

योगाचार्य के अनुसार, इससे पहले यह रिकॉर्ड हरियाणा के भिवानी के कुलदीप आर्य के नाम था, जिन्होंने 8 घंटे में 4042 सूर्य नमस्कार किए थे। प्रतीक पाल इससे पहले भी साल 2019 में गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज करा चुके हैं। वह राष्ट्रीय स्तर पर कई बार स्वर्ण पदक भी जीत चुके हैं। पिछले 10 वर्षों से वह योग के क्षेत्र में लगातार मेहनत कर रहे हैं। वर्तमान में प्रतीक, क्रांति नायक धनसिंह कोतवाल इंटर कॉलेज में 11वीं के छात्र हैं। उनकी इस उपलब्धि पर ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. ऋषिपाल ने उन्हें आशीर्वाद और शुभकामनाएं दी हैं।