हल्द्वानी
क्विनोआ एक बेहद लाभकारी और पोषक तत्वों से भरपूर अनाज है, जिसे ‘सुपर फूड’ भी कहा जाता है। अब यह अनाज हल्द्वानी जैसे पहाड़ी इलाके में भी उगाया जा रहा है, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। यह न केवल किसानों के लिए एक नया विकल्प लेकर आया है, बल्कि इससे क्षेत्र की कृषि आय और पोषण स्तर में भी सुधार हो सकता है। बताते चलें की हल्द्वानी में पहली बार साउथ अमेरिका का सुपर फूड ‘क्विनोआ’ उगाया गया है। इसे कृषि विज्ञान केंद्र चाफी के वैज्ञानिक डॉ. नितिन मिश्रा ने अपने खेतों में उगाने में सफलता पाई है। क्विनोआ में प्रोटीन और फाइबर की मात्रा बहुत अधिक होती है, और यह डॉयबिटीज और ग्लूटन एलर्जी वालों के लिए भी फायदेमंद होता है। क्विनोआ की खेती से किसानों को गेहूं की तुलना में ज्यादा उत्पादन और मुनाफा मिल सकता है। यह सूखे और कम पानी वाली जमीन में भी अच्छे से उग जाता है। एक बीघा में 100 से 150 किलो तक उत्पादन संभव है। वही अल्मोड़ा जिले में भी बीते दो सालों से इस फसल पर रिसर्च हो रही है। क्विनोआ जैसी सुपर फूड फसल का स्थानीय स्तर पर उत्पादन होना न केवल स्वास्थ्य की दृष्टि से फायदेमंद है, बल्कि यह पहाड़ी कृषि की दिशा में एक नया और महत्वपूर्ण कदम भी है।