अयोध्या
प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी विश्व हिन्दू परिषद और अशोक सिंहल फाउंडेशन की ओर से कारसेवकपुरम में कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण और सहायता उपकरण वितरण शिविर लगाएगा। शिविर का आयोजन श्रीराम जन्मभूमि मन्दिर आन्दोलन के पुरोधा अशोक सिंहल के जन्म दिवस पर किया जाता है। शिविर 27 सितम्बर से पहली अक्तूबर तक चलेगा। इसके लिए पंजीकरण 22 सितम्बर तक किया जा सकेगा। विश्व हिन्दू परिषद के उपाध्यक्ष और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महामंत्री चम्पत राय ने आज कारसेवकपुरम में पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि शिविर की तिथि और स्थान नियत है। पंजीकृत दिव्यांगों को आवश्यकता के दिन बुलाया जाएगा। दोपहर भोजन की व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा कान की मशीन चाहने वालों की श्रवण शक्ति जांचने का काम भी होगा। ऐसे में प्रमाण पत्र लेकर आने की आवश्यकता नहीं रहेगी। साथ ही रक्त जांच में थायराइड भी सम्मिलित होगा। ह्वीलचेयर, ट्राईसाईकिल, चश्मे भी वितरित किए जाएंगे। इसमें एमटूके नाम का व्यापारिक संस्थान भी जुड़ा है। जांच पड़ताल का काम तकनीकी रूप से समृद्ध लोगों की टोली करेगी।