• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

अयोध्या से जनकपुर तक दौड़ेगी सरयू-कमला एक्सप्रेस, भारत-नेपाल के त्रेतायुगीन रिश्तों को मिली नई गति

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

अयोध्या, उत्तर प्रदेश

भारत और नेपाल का रिश्ता सदियों पुरानी संस्कृति, आस्था, परंपरा और भगवान श्रीराम व माता सीता के पवित्र संबंधों से जुड़ा है। अयोध्या भगवान श्रीराम की जन्मभूमि है, तो नेपाल का जनकपुर माता सीता की जन्मभूमि के रूप में श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। अब इन दोनों पवित्र स्थलों के बीच सीधी रेल सेवा शुरू होने से ऐतिहासिक रिश्तों को आधुनिक कनेक्टिविटी का नया आधार मिला है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने नई दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस से संयुक्त रूप से अयोध्या कैंट और जनकपुर धाम के बीच चलने वाली नई साप्ताहिक ट्रेन 'सरयू-कमला एक्सप्रेस' को हरी झंडी दिखाई। दोनों प्रधानमंत्रियों ने वर्चुअल माध्यम से इस रेल सेवा का शुभारंभ किया।

यह रेल सेवा भारत और नेपाल के बीच धार्मिक, सांस्कृतिक और आर्थिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इससे दोनों देशों के नागरिकों को एक-दूसरे के यहां आने-जाने में सुविधा मिलेगी।

भारत-नेपाल के रिश्तों को मिलेगी नई मजबूती

ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि नेपाल के प्रधानमंत्री के साथ बातचीत में उन्हें नेपाल के भविष्य और भारत-नेपाल संबंधों को लेकर उनका स्पष्ट दृष्टिकोण और प्रतिबद्धता देखने को मिली है। यह नई पीढ़ी की आकांक्षाओं और उम्मीदों को भी दर्शाता है।


रामायणकालीन रिश्तों को मिलेगी नई पहचान

अयोध्या और जनकपुर का संबंध रामायणकाल से जुड़ा हुआ है। अयोध्या में भगवान श्रीराम का जन्म हुआ और जनकपुर में माता सीता का। दोनों स्थान भारतीय और नेपाली समाज की साझा सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं।

सरयू-कमला एक्सप्रेस शुरू होने से रामनगरी अयोध्या और मिथिला की धरती जनकपुर के बीच श्रद्धालुओं की आवाजाही आसान होगी। इससे लोग भगवान श्रीराम और माता सीता से जुड़े पवित्र स्थलों के दर्शन सरलता से कर सकेंगे। यह पहल सनातन संस्कृति के साझा सूत्रों को मजबूत करने के साथ यह भी दिखाती है कि आधुनिक विकास और सांस्कृतिक विरासत एक-दूसरे के पूरक बन सकते हैं। अयोध्या कैंट से जनकपुर धाम के बीच करीब 604 किलोमीटर की दूरी है। सरयू-कमला एक्सप्रेस इस सफर को लगभग 18 घंटे में पूरा करेगी। यात्रियों को रास्ते में ट्रेन बदलने की जरूरत नहीं होगी। यह ट्रेन उत्तर प्रदेश और बिहार के 10 प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी। इनमें अयोध्या धाम, मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शीशो (दरभंगा), मधुबनी और जयनगर शामिल हैं। जयनगर भारत में इस ट्रेन का आखिरी स्टेशन होगा। इसके बाद ट्रेन नेपाल में प्रवेश कर जनकपुर धाम पहुंचेगी।

28 नवंबर से आम यात्री कर सकेंगे सफर

इस रेल सेवा का उद्घाटन 23 नवंबर को किया गया है, जबकि आम यात्रियों के लिए 28 नवंबर से यात्रा शुरू होगी। निर्धारित समय सारिणी के अनुसार, ट्रेन प्रत्येक सोमवार को शाम 5 बजकर 50 मिनट पर अयोध्या कैंट से जनकपुर धाम के लिए रवाना होगी। वहीं, जनकपुर धाम से प्रत्येक शनिवार को दोपहर 1 बजकर 10 मिनट पर अयोध्या के लिए प्रस्थान करेगी।