भुवनेश्वर
भुवनेश्वर में संस्कृति सुरक्षा समिति की ओर से आयोजित प्रबुद्ध नागरिक संगोष्ठी में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय कार्यकारिणी के सदस्य डॉ. मनमोहन वैद्य जी ने कहा कि वर्ष 1947 में स्वतंत्रता प्राप्ति के समय भारत के पास पर्याप्त संसाधन, प्रतिभा और समृद्ध विरासत थी। इसके बावजूद देश अपेक्षा के अनुरूप प्रगति नहीं कर सका। इसका प्रमुख कारण राष्ट्र की अपनी पहचान और विकास की दिशा को लेकर स्पष्टता का अभाव था। भारत को अपने इतिहास, संस्कृति और पूर्वजों के गौरव के आधार पर राष्ट्रीय दृष्टिकोण विकसित करना चाहिए।
आचार्य विहार स्थित CSIR-IMMT में आयोजित कार्यक्रम का संयोजन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, ओडिशा पूर्व प्रांत के सह-संपर्क प्रमुख तथा सम अस्पताल के निदेशक डॉ. बसंत कुमार ने किया। कार्यक्रम में संघ के ओडिशा पूर्व प्रांत संघचालक समीर कुमार महांति मंचासीन थे। संस्कृति सुरक्षा समिति के अध्यक्ष डॉ. संजीत कुमार पंडा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की तथा धन्यवाद ज्ञापन किया।
डॉ. मनमोहन वैद्य ने कहा कि द्वितीय विश्वयुद्ध के बाद इंग्लैंड, जर्मनी और जापान जैसे देशों को भारी संरचनात्मक क्षति का सामना करना पड़ा था। इजरायल ने 1948 में सीमित संसाधनों के साथ लगभग शून्य से अपनी यात्रा शुरू की। भारत 1947 में स्वतंत्र हुआ था। इसके बावजूद शुरुआती छह दशकों में भारत अपेक्षित प्रगति नहीं कर सका। उनके अनुसार, भारत के पास तब संसाधनों, प्रतिभा और मानव शक्ति की कमी नहीं थी, बल्कि राष्ट्र के सामने स्पष्ट दिशा का अभाव था।
उन्होंने अमेरिकी विचारक सैमुअल हंटिंगटन की पुस्तक Who Are We का उल्लेख करते हुए कहा कि जब तक कोई समाज अपनी पहचान तय नहीं करता, तब तक वह अपनी प्राथमिकताएं और विकास की दिशा निर्धारित नहीं कर सकता। भारत को भी यह स्पष्ट करना होगा कि एक राष्ट्र और समाज के रूप में उसकी पहचान क्या है तथा उसके पूर्वजों और इतिहास की विरासत क्या रही है।
उन्होंने कहा कि भारत की राष्ट्र-कल्पना पश्चिमी देशों की अवधारणा से अलग है। पश्चिमी देशों में राज्य को राष्ट्र का आधार माना जाता है, जबकि भारत में जनता ही राष्ट्र है। उन्होंने ‘सारे जहाँ से अच्छा’ गीत की पंक्तियों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत केवल एक बगीचा नहीं, बल्कि यहां रहने वाले लोग उस बगीचे के पौधे हैं। उनकी जड़ें इसी मिट्टी में हैं और राष्ट्र के निर्माण तथा उसकी समृद्धि की जिम्मेदारी भी उन्हीं की है।
भारत की प्राचीन आर्थिक समृद्धि का उल्लेख करते हुए डॉ. वैद्य ने कहा कि भारत केवल कृषि प्रधान देश नहीं था, बल्कि प्राचीन काल में यह विश्व का एक प्रमुख औद्योगिक एवं व्यापारिक केंद्र भी था। वस्त्र उद्योग, धातु विज्ञान, चमड़ा उद्योग और इत्र निर्माण जैसे क्षेत्रों में भारत की विशेष ख्याति थी। रेशम, मलमल और सूती वस्त्रों का उत्पादन घर-घर में होता था। ये घरेलू उद्योग गांवों की आर्थिक समृद्धि के महत्वपूर्ण आधार थे। भारत की अर्थव्यवस्था में महिलाओं और परिवारों की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण थी। महिलाएं उत्पादन के साथ-साथ घर की संपत्ति और आर्थिक गतिविधियों का प्रबंधन भी करती थीं।
उन्होंने बंजारा समुदाय का उल्लेख करते हुए कहा कि परंपरागत रूप से व्यापारी समुदाय लंबी यात्राएं कर विभिन्न क्षेत्रों में वस्तुओं का व्यापार करते थे। उन्हें रास्तों, नदी पार करने के स्थानों, सुरक्षित पड़ावों और व्यापारिक केंद्रों की जानकारी रहती थी। इस व्यवस्था में पुरुषों के व्यापारिक यात्राओं पर रहने के दौरान महिलाएं घर और आर्थिक गतिविधियों का संचालन करती थीं।
विविधता में एकता को भारतीय संस्कृति की मूल विशेषता बताते हुए कहा कि भारत विविधताओं को भेदभाव का आधार नहीं मानता, बल्कि उनमें निहित एकता को देखता है। उन्होंने रवींद्रनाथ टैगोर के ‘स्वदेशी समाज’ निबंध का उल्लेख करते हुए कहा कि विविधता के बीच एकता स्थापित करना भारत की मूल सांस्कृतिक दृष्टि है। भारतीय संस्कृति एकरूपता थोपने का प्रयास नहीं करती वल्कि विविधता का उत्सव मनाती है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जीवन-दृष्टि आध्यात्मिकता पर आधारित है। ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना संपूर्ण सृष्टि को एक परिवार के रूप में देखने की प्रेरणा देती है। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के शिकागो भाषण का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय चिंतन में प्रत्येक व्यक्ति और समस्त सृष्टि को अपना मानने की भावना निहित है।
भारतीय जीवन-दृष्टि की विशेषताओं पर चर्चा करते हुए कहा कि सत्य एक है, लेकिन उसे प्राप्त करने के मार्ग अनेक हो सकते हैं। प्रत्येक व्यक्ति में दिव्यता की संभावना है और आध्यात्मिक उन्नति के लिए कर्मयोग, भक्तियोग, ज्ञानयोग तथा राजयोग जैसे विभिन्न मार्ग उपलब्ध हैं। व्यक्ति अपनी प्रकृति और रुचि के अनुसार मार्ग चुन सकता है। भारत में आध्यात्मिक स्वतंत्रता और विविध उपासना पद्धतियों को स्वीकार करने की परंपरा रही है।
उन्होंने ‘धर्म’ और ‘रिलिजन’ के अंतर को स्पष्ट करते हुए कहा कि धर्म का अर्थ केवल उपासना पद्धति नहीं है। धर्म समाज को जोड़ने, सबको धारण करने और सामाजिक पूंजी को समृद्ध बनाने वाला आधार है। उत्पादन में प्रचुरता, वितरण में समानता और उपभोग में संयम भारतीय जीवन-दृष्टि के महत्वपूर्ण सिद्धांत हैं। व्यक्ति को अपनी आवश्यकता से अधिक संसाधन समाज के हित में लौटाने चाहिए।
उन्होंने कहा कि भारत की परंपरा है कि समाज की अनेक आवश्यकताओं की पूर्ति समाज स्वयं करता रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार, कला, संस्कृति और सेवा जैसे क्षेत्रों में सामाजिक संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। समाज जितना आत्मनिर्भर होगा, राष्ट्र की व्यवस्था उतनी ही मजबूत होगी।
उन्होंने नई पीढ़ी से भारत को समझने और उसकी सांस्कृतिक पहचान पर गर्व करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए एक सूत्र होना चाहिए - “भारत को मानें, भारत को जानें, भारत के बनें और भारत को गढ़ें।” भारत को अपना मानकर उसके इतिहास, संस्कृति और समाज की वास्तविक विशेषताओं को जानना तथा अपने आचरण और कार्यों से राष्ट्र निर्माण में योगदान देना आवश्यक है।



