• अनुवाद करें: |
विशेष

लोक चित्रकला को सजीव किया

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

लोक चित्रकला को सजीव किया 

गोरखपुर में जन्मी डॉ. कुमुद सिंह संस्कार भारती अवध प्रांत में लोक कला विद्या  संयोजिका हैं। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् के राष्ट्रीय कला मंच की सह संयोजिका रह चुकी हैं। विभिन्न विश्वविद्यालयों में इनके कला-योगदान को देखते हुए शोधार्थियों ने अपने शोध में उनकी कृतियों को शामिल किया है। उन पर आलेख भी प्रस्तुत किए हैं। उनके कार्यों को देखते इन्हें उत्तर प्रदेश लोक एवं जनजाति संस्कृति संस्थान, लखनऊ में राज्यपाल द्वारा सदस्य मनोनीत किया गया  है। एनसीईआरटी दिल्ली में बुक डेवलपमेंट कमेटी में कला- पुस्तक के लिए सदस्य मनोनीत हैं। एनसीजेडसीसी इलाहाबाद में अनुदान कमेटी में सदस्य हैं।

लोक कला के क्षेत्र में विशेष योगदान देने वाली डॉ. कुमुद सिंह  का जन्म 10 जून 1964 को गोरखपुर में हुआ । अपनी मां द्वारा उकेरी गई परंपरागत चित्रों को देखते हुए पलीं बढ़ीं, धीरे-धीरे उन्हीं चित्रों में अपने जीवन को समर्पित कर दिया। बचपन से ही पूर्वांचल के भोजपुरी लोक चित्रकला जैसे कोहबर लिखाई ,चौक पूरना इत्यादि को चित्रों में सृजित करते हुए अपनी रुचि को देखते हुए चित्रकला विषय में ही दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के ललित कला एवं संगीत विभाग से स्नातकोत्तर प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की। विभाग में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। एमए करने के पश्चात इनका  विवाह देवरिया के डॉ बीपी सिंह के साथ हुआ। वहां भी ग्रामीण परिवेश एवं सासू मां द्वारा कलात्मक चौक पूरना, लोकगीत गायन को देखते हुए रुचि में वृद्धि हुई। ससुराल में कलात्मक वातावरण प्राप्त होने पर ‘पूर्वांचल के लोकोत्सवों में प्रयुक्त ग्रामीण चित्रण एवं कृतियां: एक समीक्षात्मक अध्ययन’ विषय पर इन्होंने गोरखपुर विश्वविद्यालय के ललित कला विभाग से शोध कार्य किया। शोध कार्य करते हुए पूर्वांचल की लोक कला की विशेषताओं को जाना-समझा। परंपरागत अनेक कलाकारों से परिचय हुआ। लोक कला के क्षेत्र में ही कार्य करने प्रण किया। तब से लेकर आज तक गोरखपुर, देवरिया, फैजाबाद, वाराणसी, लखनऊ, दिल्ली के साथ-साथ फ्रांस, नेपाल आदि देशों में एकल एवं सामूहिक प्रदर्शनियों  में प्रतिभाग किया।

राष्ट्रीय सेमिनार संगोष्ठी में कला विषय शोध प्रपत्र प्रस्तुतिकरण के साथ ही साथ बहुत सारे विद्यार्थियों को लोक कला के प्रति आकर्षित करते हुए उनको प्रशिक्षण भी दिया। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग नई दिल्ली द्वारा अयोध्या और कोरिया के सांस्कृतिक संबंध विषय पर इन्हें माइनर रिसर्च फैलोशिप 2011 में मिली। साकेत महाविद्यालय अयोध्या में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत रहते हुए, अध्यक्ष पद को संभालते हुए भोजपुरी और अवधी क्षेत्र के लोक कला पर विशेष कार्य किया। उन लोक चित्रों को संरक्षित एवं संवंर्धित करने का कार्य किया। ललित कला अकादमी लखनऊ, उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित विभिन्न कार्यशालाओं में संयोजक के रूप में कुशलता पूर्वक कार्य किया। ‘कला-भाव’ नामक लोक कला  आधारित पुस्तक का प्रकाशन 2015 में किया। 2026 में अयोध्या की नौ रचनाकार महिलाओं की कलाकृतियों के साथ ‘सरयू कला प्रवाह’ नामक पुस्तक का संपादन कार्य किया। नेपाल में अवधी कला प्रशिक्षण के रूप में आमंत्रित किया गया। आकाशवाणी दूरदर्शन से निरंतर लोक कला के क्षेत्र में लोक कला विषय वार्ताओं का प्रसारण हुआ। आदर्श माध्यमिक विद्यालय, जन भवन लखनऊ में भारतीय भाषा समर कैंप 2026 में प्रशिक्षक के रूप में आमंत्रित किया गया। मध्य प्रदेश जनजाति संग्रहालय में उत्तर प्रदेश के कोहबर चित्र परंपरा के अंकन के लिए 22 से 24 जून 2026 तक आमंत्रित किया गया। इनकी कलाकृतियां राज्य ललित कला अकादमी लखनऊ, जनजातिय संग्रहालय भोपाल, गोरखनाथ मंदिर गोरखपुर, शिवाता फाउंडेशन नेपाल तथा अनेक स्थानों पर संग्रहित हैं। माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी को पूर्वांचल की लोक कला से संबंधित दो चित्रों को भेंट करते हुए उनकी विशेषताओं पर वार्ता किया। अनेक विश्वविद्यालय एवं स्कूलों में बच्चों को पूर्वांचल की भोजपुरी लोक चित्रों में प्रशिक्षण देने का कार्य कर रही हैं। अद्यतन विभिन्न किताबों में इनको चित्रों का प्रकाशन भी हुआ है। पद्मश्री डॉ विद्या विंदु सिंह जी की पुस्तक अवधी लोकगीत विरासत का आवरण चित्र आपके द्वारा निर्मित किया गया है। अनेक पुस्तकों में लोक चित्र आधारित लेख का प्रकाशन हुआ है। निरंतर आने वाली पीढ़ी को लोक चित्रों के बारे में, हमारे परंपरागत लोक कलाओं के बारे में प्रशिक्षित कर रही है। उन्हें जानकारी भी दे रही हैं कि ये लोक कलाएं हमारे लिए किस प्रकार से उपयोगी हैं, उनका विस्तार कर रहीं हैं। उनके कार्यों को देखते हुए इन्हें अनेक सम्मान से सम्मानित किया गया है।

 लोक कला कल और आज डॉ. कुमुद सिंह के लोक चित्रों के संदर्भ में - शोधार्थी सत्येंद्र कुमार सिंह कानपुर विश्वविद्यालय कानपुर द्वारा राज्य ललित कला अकादमी उत्तर प्रदेश में 2018 में लेख प्रस्तुत किया।

‘जनकला का उभरता स्वरूप डॉ. कुमुद सिंह के चित्रों के विशेष सन्दर्भ में,  अंतरराष्ट्रीय जनरल में शोधार्थी सत्येंद्र कुमार द्वारा प्रस्तुत और प्रकाशित किया गया।’ कैमूर के भित्ति चित्र के फॉर्म और परंपरा इग्नू एमएएफसीएस प्रोजेक्ट वर्क डॉ. आशुतोष कुमार तिवारी ने डॉ. कुमुद सिंह के चित्रों को शामिल किया । शकुंतला मिश्रा विश्वविद्यालय लखनऊ, इलाहाबाद विश्वविद्यालय उत्तर प्रदेश इत्यादि के शोधार्थी कार्य कर रहे हैं ।  डॉ. कुमुद सिंह के जीवन परिचय का प्रकाशन संत विवेक पुस्तक संपादक डॉ विद्या बिंदु सिंह तथा शहरनामा गोरखपुर नई पृष्ठ नए संदर्भ संपादक डॉ वेद प्रकाश पांडे जी की पुस्तक में प्रकाशित किया गया।