काशी, उत्तर प्रदेश
देवभूमि भारत की सनातन
संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं का अद्भुत संगम है काशी की देव-दीपावली। इस पावन
अवसर पर गंगा के घाट लाखों दीपों की रोशनी से जगमगा उठते हैं और पूरा वातावरण
भक्तिमय हो जाता है। इस वर्ष 24 नवंबर को दशाश्वमेध घाट पर भव्य देव-दीपावली
महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। माँ गंगा की महाआरती, वैदिक मंत्रोच्चार और
देशभक्ति के कार्यक्रम इस आयोजन को और विशेष बनाएंगे।
गंगा सेवा निधि के
अध्यक्ष सुशान्त मिश्र के अनुसार, 24 नवंबर को शाम 5 बजे दशाश्वमेध घाट पर
महाआरती होगी। इसमें 21 अर्चक और 42 कन्याएं शामिल होंगी। घाट को 21 कुंतल
फूल-मालाओं और 51 हजार दीपों से सजाया जाएगा। 'एक संकल्प गंगा
किनारे' अभियान के माध्यम से देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को माँ
गंगा को स्वच्छ और निर्मल रखने के साथ पर्यावरण एवं जल संरक्षण का संकल्प दिलाया
जाएगा।
वीर जवानों को मिलेगा
भागीरथ शौर्य सम्मान
1999 के कारगिल विजय
की स्मृति में संस्था पूरे कार्तिक मास आकाशदीप प्रज्ज्वलित करती है। देव-दीपावली
के साथ इस परंपरा का समापन होगा। इस अवसर पर देश की रक्षा में अपना योगदान देने
वाले वीर जवानों को 'भागीरथ शौर्य सम्मान'
और
आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
सेना के अधिकारियों
की रहेगी गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम के मुख्य
अतिथि लेफ्टिनेंट जनरल संजय मिश्रा एवीएसएम (जीओसी-इन-सी,
सेंट्रल
कमांड) होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सीआरपीएफ के महानिदेशक ज्ञानेन्द्र प्रताप
सिंह करेंगे। इसके अलावा सीमा सुरक्षा बल के महानिदेशक प्रवीण कुमार,
ब्रिगेडियर
उमेश ए. परब, एयर कमांडर सुरेन्द्र मलिक सहित कई वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी
उपस्थित रहेंगे।
भजनों और देशभक्ति
गीतों से गूंजेगा गंगा तट
कार्यक्रम में प्रो. रेवती साकलकर और उनका दल गणपति वंदना एवं देशभक्ति गीत प्रस्तुत करेगा। प्रसिद्ध भजन गायक पद्मश्री अनूप जलोटा माँ गंगा के चरणों में अपनी स्वरांजलि अर्पित करेंगे। अमर जवान ज्योति की अनुकृति पर वीर जवानों को पुष्पांजलि दी जाएगी। वहीं 39 जीटीसी के जवानों द्वारा लास्ट पोस्ट और गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा।
सुरक्षा और व्यवस्था
के विशेष इंतजाम
आयोजन को सुरक्षित और
व्यवस्थित बनाने के लिए 24 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके साथ ही 250 स्वयंसेवक,
चिकित्सकों
की टीम, एम्बुलेंस और एनडीआरएफ की वाटर एम्बुलेंस तैनात रहेगी। काशी
की देव-दीपावली केवल दीपों का उत्सव नहीं, बल्कि सनातन आस्था,
माँ
गंगा के प्रति श्रद्धा, राष्ट्रभक्ति और वीर जवानों के सम्मान
का प्रतीक है। यह आयोजन भारतीय संस्कृति की उस गौरवशाली परंपरा को दर्शाता है,
जिसमें
धर्म, प्रकृति और राष्ट्र के प्रति कर्तव्य को विशेष महत्व दिया गया
है।



