लखनऊ, उत्तर प्रदेश
लखनऊ में आयोजित पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रशिक्षण केंद्रों के टॉपर्स को सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कौशल विकास युवाओं को रोजगार से जोड़ने और विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने में अहम भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में कौशल विकास मिशन के तहत अब तक 17 लाख से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण दिया गया है, जिनमें से 7 लाख से अधिक युवाओं को कैंपस चयन के माध्यम से नौकरी मिली है।
प्रधानमंत्री ने
युवाओं को किया सम्मानित
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह में प्रशिक्षण केंद्रों के टॉपर्स को सम्मानित किया। इस कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई अतिथि मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने सभी अतिथियों और युवाओं का स्वागत किया। साथ ही लखनऊ में इस आयोजन के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताया।
कौशल विकास से बनेगा
विकसित भारत
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि
प्रशिक्षित युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव हैं। स्किल इंडिया से प्रशिक्षण
प्राप्त करने वाले युवा वर्ष 2047 तक
भारत को विकसित और आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि
हमारा लक्ष्य युवाओं को रोजगार, किसानों
को आत्मनिर्भरता और श्रमिकों को सम्मानजनक मानदेय उपलब्ध कराना है।
2015 में
शुरू हुआ था स्किल इंडिया अभियान
सीएम योगी ने बताया कि प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2015 में
विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर विज्ञान भवन से स्किल इंडिया अभियान की शुरुआत की
थी। इसका उद्देश्य देश के युवाओं की प्रतिभा को सही मंच देना और उन्हें आगे बढ़ने
के अवसर उपलब्ध कराना था। उन्होंने कहा कि सही मार्गदर्शन मिलने पर हर व्यक्ति
अपनी प्रतिभा का उपयोग कर सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत दुनिया का
सबसे युवा देश है और उत्तर प्रदेश देश का सबसे युवा प्रदेश है। वर्ष 2017 के बाद प्रदेश में कौशल विकास मिशन को
तेजी से आगे बढ़ाया गया है। इसके तहत 17 लाख से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण दिया गया है। इनमें से 7
लाख से अधिक युवाओं को कैंपस चयन के
माध्यम से नौकरी मिली है।
दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के
तहत ग्रामीण युवक-युवतियों को आवासीय सुविधा के साथ प्रशिक्षण दिया गया। इस योजना
के माध्यम से 1.23 लाख
से अधिक युवाओं को सीधे रोजगार उपलब्ध कराने में मदद मिली है।
सीएम योगी ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा
नीति में भी कौशल विकास पर जोर दिया गया है। प्रोजेक्ट प्रवीण के तहत 1700 से अधिक माध्यमिक विद्यालयों में 2.50
लाख से अधिक विद्यार्थी इसका लाभ
प्राप्त कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार
ने टाटा टेक्नोलॉजी के साथ मिलकर 150 से अधिक आईटीआई में नए पाठ्यक्रम शुरू किए हैं। इनमें
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स,
ड्रोन टेक्नोलॉजी, इंटरनेट ऑफ थिंग्स और 3डी प्रिंटिंग जैसे विषय शामिल हैं। इन
पाठ्यक्रमों से प्रशिक्षण प्राप्त 12 हजार से अधिक युवाओं को कैंपस चयन के माध्यम से रोजगार मिल रहा
है।
रोजगार मेले में 50
हजार से अधिक युवाओं
को नौकरी
सीएम योगी ने बताया कि वर्ष 2026 में आयोजित रोजगार मेले के माध्यम से 50 हजार से अधिक प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार मिला है। इनमें 3400 से अधिक दिव्यांग युवा भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि युवाओं को प्रशिक्षण और रोजगार से जोड़ने के लिए सरदार वल्लभभाई पटेल स्किलिंग एवं एम्प्लॉयमेंट जोन विकसित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। यहां युवाओं को प्रशिक्षण देने के साथ राष्ट्रीय और वैश्विक बाजार की जरूरतों के अनुसार उद्योगों को प्रशिक्षित कर्मचारी उपलब्ध कराए जाएंगे।



