• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

बदरीनाथ धाम में कचरे से कमाई, पर्यावरण संरक्षण की अनूठी पहल

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

चमोली, उत्तराखण्ड

प्रकृति की गोद में बसे हिमालयी क्षेत्रों को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। धार्मिक पर्यटन स्थलों पर श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के साथ कचरा प्रबंधन एक बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। ऐसे में उत्तराखण्ड के बदरीनाथ धाम में नगर पंचायत ने एक सराहनीय पहल की है। यहां कचरे को समस्या मानकर छोड़ने के बजाय उसका वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण और पुनर्चक्रण किया जा रहा है। इस प्रयास से न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिल रहा है, बल्कि नगर पंचायत को आर्थिक आय भी हो रही है।

चारधाम यात्रा के दौरान बदरीनाथ नगर पंचायत ने इस वर्ष कुल 485.9 टन कचरा एकत्रित कर उसकी प्रोसेसिंग की। इसके लिए नगर क्षेत्र में सुबह-शाम नियमित सफाई और घरों से कचरा एकत्र करने की व्यवस्था की गई।

बता दें, एकत्रित जैविक और अजैविक कचरे को मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी सेंटर में ले जाकर अलग-अलग किया जाता है। यहां प्लास्टिक कचरे को उपयोगी संसाधन में बदलकर ब्लॉक तैयार किए जा रहे हैं। इन ब्लॉकों के विपणन से नगर पंचायत को लगभग 9 लाख रुपये की आय हुई है। चारधाम यात्रा समाप्त होने के बाद भी बदरीनाथ धाम में सफाई अभियान लगातार जारी है। नगर पंचायत द्वारा विशेष सफाई अभियान चलाकर शेष कचरे का निस्तारण किया जा रहा है।

बदरीनाथ की यह पहल बताती है कि सही योजना और बेहतर प्रबंधन से कचरे को बोझ नहीं, बल्कि उपयोगी संसाधन बनाया जा सकता है। इससे जहां हिमालय के प्राकृतिक पर्यावरण को सुरक्षित रखने में मदद मिलती है, वहीं स्थानीय निकायों के लिए आय के नए अवसर भी पैदा होते हैं। यह पहल स्वच्छ बदरीनाथ और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सकारात्मक उदाहरण है।