अलीगढ़,यूपी
स्वतंत्रता दिवस पर इस वर्ष भी ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम हर्षोल्लास से मनाया जाएगा। वही इस बार नगर निगम ने महिला सशक्तिकरण का उदाहरण पेश करते हुए तिरंगे बाजार से खरीदने के बजाय महिला स्वयं सहायता समूहों से बनवाने का निर्णय लिया है। इससे न केवल स्थानीय महिलाओं को रोजगार मिलेगा, बल्कि उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम भी उठेगा। जानकारी के अनुसार नगर निगम का लक्ष्य इस बार भी लगभग एक लाख तिरंगा तैयार करवाने का है। पिछले वर्ष 32 महिला समूहों की सदस्याओं ने मिलकर 1 लाख 44 हजार 720 तिरंगे बनाए थे, जिसके बदले उन्हें लगभग 29 लाख रुपये का काम मिला था। अग्रिम और अंतिम भुगतान सीधा महिला समूहों के खातों में भेजकर पारदर्शिता भी सुनिश्चित की गई थी। वही इस वर्ष भी 32 महिला समूहों की सदस्याएं तिरंगा बनाने, तुरपाई करने और उसकी गुणवत्ता सुनिश्चित करने का काम करेंगी। इस कोशिश का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक संबल देना और स्थानीय कारीगरों को प्रोत्साहित करना है। जिससे उन्हें नई ऊंचाई मिलेगी।