चमोली, उत्तराखण्ड
जहां चाह होती है, वहां राह भी होती हैं। पोखरी विकासखण्ड के डुंगर गांव के ग्रामीणों ने इसी बात को सच कर दिखाया। वर्षों तक सड़क सुविधा की प्रतिक्षा करने के बाद गांव वालों ने हार नहीं मानी और खुद श्रमदान कर गांव तक मोटर मार्ग बना दिया।जानकारी के अनुसार, पोखरी विकासखण्ड के डुंगर गांव में ग्रामीणों ने एकजुट होकर श्रमदान और चंदे से मोटर मार्ग का निर्माण किया। इस गांव के लोगों ने खुद पहल करते हुए करीब एक किलोमीटर सड़क बनाई, जो तोणजी मोटर मार्ग से गांव को जोड़ती है। सड़क बनने के बाद पहली बार गांव में वाहन पहुंचा तो पूरे गांव में खुशी की लहर दौड़ गई।
गांव में पहली बार वाहन पहुंचने पर ग्रामीणों ने ढोल बजाकर और फूल-मालाओं से वाहन चालकों का स्वागत
किया। महिलाओं, बुजुर्गों और
बच्चों ने इस पल को उत्सव की तरह मनाया और एक-दूसरे को बधाई दी। यह मौका गांव के
लिए किसी सपने के सच होने जैसा था।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क बनने से अब गांव तक वाहनों की आवाजाही संभव हो गई है। इससे मरीजों को अस्पताल पहुंचाने, बच्चों की पढ़ाई और रोजमर्रा के कामों में बड़ी सुविधा मिलेगी। इस काम में ग्राम प्रधान किमोठा हरिकृष्ण किमोठी समेत गांव के कई लोगों ने सक्रिय भूमिका निभाई। ग्रामीणों की एकता, मेहनत और संकल्प ने डुंगर गांव के लिए विकास की नई राह खोल दी।



