ऋषिकेश, उत्तराखण्ड
ऋषिकेश के प्रसिद्ध वीरभद्र महादेव मंदिर परिसर में मरम्मत
के दौरान जमीन से कई पुरानी मूर्तियां मिली हैं। मंदिर प्रबंधन ने इन मूर्तियों को
सुरक्षित रख लिया है। माना जा रहा है कि ये मूर्तियां बहुत पुरानी हैं और संभव है
कि एक सौ साल से भी ज्यादा पुरानी हों।
जानकारी के अनुसार, मंदिर परिसर में पीपल के पेड़ के पास बने पुराने और टूटे हुए चबूतरे की पुनर्निर्माण का काम शुरू किया गया था। श्रद्धालु वहां नया चबूतरा बनवा रहे थे। जब पुराने चबूतरे को हटाकर नींव के लिए खुदाई की गई, तो जमीन के अंदर से एक-एक करके पुरानी धार्मिक मूर्तियां निकलने लगीं।
मूर्तियां मिलने की खबर फैलते ही मंदिर परिसर में लोगों की भीड़ जुटने लगी। कई लोगों ने इसे भगवान का चमत्कार माना और वीरभद्र महादेव के जयकारे लगाने शुरू कर दिए। आसपास के लोगों में भी इस घटना को लेकर काफी चर्चा है। बताया जा रहा है कि मिली मूर्तियों में अलग-अलग देवी-देवताओं की आकृतियां दिखाई दे रही हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यह मूर्तियां काफी पुरानी लग रही हैं। मंदिर के महंत ने इन सभी मूर्तियों को धरोहर मानते हुए अपने पास सुरक्षित रख लिया है।



