नोएडा, उत्तर प्रदेश
नोएडा सेक्टर -11 स्थित मार्डन स्कूल आडिटोरियम में रविवार को हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन का उद्देश्य हिंदू समाज में सामाजिक समरसता, कुटुम्ब प्रबोधन, स्व का बोध तथा नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता को सुदृढ़ करना था, जो कि सफल रहा। सम्मेलन में संघ के नोएडा महानगर प्रचारक सुमीत जी ने प्रमुख मुख्य वक्ता के रूप में मार्गदर्शन किया। उन्होंने संघ के सौ वर्ष की यात्रा का वर्णन किया और संघ के आने वाले वर्षों में पंच परिवर्तन द्वारा समाज को सुदृढ़ करने को विस्तार रूप में रखा। मुख्य अतिथि महामंडलेश्वर शिवाचार्य साध्वी कृष्णा श्री जी ने वर्तमान काल में हिंदू समाज की चुनौतियां एवं समाधान पर उद्बोधन दिया।
विशिष्ट अतिथि प्रधानाचार्य नीरज अवस्थी ने कहा कि आज के समय में बच्चों की शिक्षा और संस्कार पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। गायत्री परिवार से सुरेंद्र शर्मा ने सनातन संस्कृति के महत्व का उल्लेख किया। शंकरा शास्त्रीगल और श्रीराम शास्त्रीगल ने वैदिक मंत्रोच्चार किए गए। कार्यक्रम अध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल ने कहा कि देश भर में हिंदू सम्मेलन द्वारा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ जमीनी स्तर पर चलाये जा रहे पंच परिवर्तनों को व्यक्ति से लेकर राष्ट्र तक को सशक्त बनाने में लगे हैं।
मार्डन स्कूल के बच्चों और सेक्टर 11 के बच्चों और मातृ शक्ति द्वारा सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रम, हनुमान चालीसा एवं भारत माता आरती की गई। सम्मेलन समिति के अध्यक्ष पवन की उपस्थिति में मंच संचालन श्रीमती ऋतू दुग्गल और श्रीमती शैलजा द्वारा किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों- युवा, मातृशक्ति, प्रबुद्ध नागरिकों- की संख्या लगभग 700 रही।
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष अनुज गुप्ता ने अतिथियों के स्वागत और अंत में कार्यक्रम में सहयोग के लिए मार्डन स्कूल प्रबंधक, नोएडा प्रशासन, मीडिया, आयोजन समिति और विशेषकर मातृ शक्ति के योगदान को सराहा और आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने कहा कि हिन्दू समाज को संगठित करने के लिए ऐसे और कार्यक्रम आयोजित होते रहने चाहिए।



