लखनऊ, उत्तर प्रदेश
विश्व पर्यावरण दिवस पर सीएम योगी का संदेश:
“एक पेड़ मां के नाम” अभियान से प्रकृति संरक्षण का संकल्प
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश में “एक पेड़ मां के नाम” महाअभियान की शुरुआत की गई। बता दें, विश्व पर्यावरण दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के कुकरैल रेंज अवध वन प्रभाग में कपूर का पौधा लगाकर “एक पेड़ मां के नाम” महाअभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने महर्षि चरक औषधि वन की स्थापना भी की। कार्यक्रम में 200 से अधिक पौधे लगाए गए। साथ ही अपने जन्मदिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने लोगों की शुभकामनाएं स्वीकार कीं, मिठाई बांटी और बच्चों के साथ सेल्फी भी ली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान पर्यावरण संकट मानव द्वारा पैदा की गई समस्या है, इसलिए इसका समाधान भी हम सभी को मिलकर करना होगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के माध्यम से मां और मातृभूमि के प्रति सम्मान को जनआंदोलन का रूप दिया है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपनी मां की स्मृति में कम से कम एक पौधा लगाने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए वन विभाग ने प्रदेशभर में 50 करोड़ से अधिक पौधे तैयार किए हैं और पांच करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि मौसम चक्र में बदलाव, अत्यधिक वर्षा और सूखे जैसी समस्याएं पर्यावरण असंतुलन का परिणाम हैं। इसलिए अधिक से अधिक पौधे लगाना, सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग बंद करना और वर्षा जल का संरक्षण करना बेहद आवश्यक है।
आगे उन्होंने बताया कि प्रदेश में पिछले नौ
वर्षों के दौरान 242 करोड़ से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं। साथ
ही स्कूली छात्रों से भी इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी पौधरोपण कर
पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।



