देहरादून, उत्तराखण्ड
उत्तराखण्ड के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए
बेहतर अवसर और गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य सरकार ने
एक महत्वपूर्ण पहल की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ का शुभारंभ कर प्रदेश
के युवाओं के लिए सफलता की नई राह खोल दी है।
इस योजना के माध्यम से प्रदेश के युवाओं
को घर
बैठे निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग और गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।
योजना का उद्देश्य प्रतिभाशाली युवाओं को उनकी आर्थिक परिस्थितियों से आगे बढ़कर
अपनी योग्यता और मेहनत के दम पर सफलता हासिल करने का समान अवसर प्रदान करना है।
योजना के तहत राज्य के विश्वविद्यालयों
तथा सरकारी और सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को
विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेषज्ञ शिक्षकों का मार्गदर्शन
मिलेगा। इसमें UPSC, राज्य लोक सेवा आयोग, CDS, बैंकिंग, रेलवे और SSC जैसी प्रमुख परीक्षाओं के साथ-साथ CAT, MAT, GATE, NET और CSIR-NET जैसी उच्च शिक्षा एवं पात्रता परीक्षाओं
की तैयारी भी शामिल है।
इस पहल का सबसे बड़ा लाभ प्रदेश के दूरदराज
और पर्वतीय क्षेत्रों के युवाओं को मिलेगा। अब बेहतर कोचिंग और विशेषज्ञ
मार्गदर्शन के लिए उन्हें बड़े शहरों का रुख करने की आवश्यकता नहीं होगी। वे अपने
घर से ही ऑनलाइन माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर अपने लक्ष्य की तैयारी
कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना
युवाओं की प्रतिभा को अवसर से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण पहल है। इससे प्रतियोगी
परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को समान अवसर, बेहतर संसाधन और विशेषज्ञ मार्गदर्शन मिल सकेगा।
राज्य सरकार की यह पहल उत्तराखण्ड के
युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने, उनके
सपनों को साकार करने और उन्हें उज्ज्वल करियर की दिशा में आगे बढ़ाने में
महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। युवाओं की मेहनत को सही दिशा और अवसर
देकर यह योजना उनके भविष्य निर्माण की मजबूत नींव तैयार कर रही है।



