लखनऊ, उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मां कात्यायनी की
आराधना के पावन अवसर पर प्रदेश की नारी शक्ति के साहस, मेहनत
और उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश की बेटियां खेल सहित
कई क्षेत्रों में सफलता प्राप्त कर रही हैं और देश-प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं।
साथ ही सीएम योगी ने कहा, पिछले कुछ वर्षों में राज्य सरकार के
प्रयासों से बेटियों को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिले हैं।
उन्होंने कहा कि अब प्रदेश
में सुरक्षा बढ़ाने और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा
है। सरकार का उद्देश्य बेटियों को ऐसा माहौल देना है, जहां
वे बिना डर के अपने सपनों को पूरा कर सकें।
प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए गांव, जिला
और मण्डल स्तर पर खेल सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। मेरठ में बन रहा मेजर
ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय भी खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं देने की
दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
सरकार की ओर से ओलंपिक, कॉमनवेल्थ और एशियन गेम्स जैसे अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार दिए जाते हैं। इसके साथ ही, ‘पदक लाओ, पद पाओ’ नीति के तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी पाने का अवसर भी मिलता है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संदेश है कि बेटियों को आगे बढ़ने के
लिए सुरक्षा, सुविधाएं और प्रोत्साहन मिलना जरूरी है। उत्तर प्रदेश में खेल
सुविधाओं के विकास और खिलाड़ियों को सम्मान देने के प्रयासों से नई प्रतिभाओं को
आगे आने का अवसर मिल रहा है। प्रदेश की बेटियां आज खेल के मैदान में अपनी मेहनत और
क्षमता से नई पहचान बना रही हैं।



