आगरा, उत्तर प्रदेश
आज के डिजिटल दौर में बच्चों
को केवल किताबी ज्ञान देना ही काफी नहीं है, बल्कि उन्हें नई
तकनीक समझने और समस्याओं का समाधान खोजने के लिए भी तैयार करना जरूरी है। इसी दिशा
में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने एक अहम पहल
की है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 से कक्षा 3 से
8 तक के विद्यार्थियों के लिए कंप्यूटेशनल थिंकिंग (CT) और
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़ा नया पाठ्यक्रम लागू किया जा
रहा है।
जानकारी के अनुसार, सीबीएसई का यह नया पाठ्यक्रम राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 और राष्ट्रीय पाठ्यचर्या रूपरेखा 2023 के अनुरूप तैयार किया गया है। इसकी आधिकारिक शुरुआत एक अप्रैल 2026 को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में की गई थी। बता दें, इस पाठ्यक्रम के माध्यम से बच्चों को किसी समस्या को छोटे-छोटे हिस्सों में बांटना, पैटर्न पहचानना, तार्किक तरीके से सोचना और चरणबद्ध समाधान निकालना सिखाया जाएगा। इसके साथ ही उन्हें AI के सही, जिम्मेदार और नैतिक उपयोग की जानकारी भी दी जाएगी।
वही प्राथमिक कक्षाओं के बच्चों के लिए इस विषय को अलग विषय के रूप
में नहीं पढ़ाया जाएगा। कक्षा 3 से 5 तक सालाना लगभग
50 घंटे की पढ़ाई गतिविधियों, पहेलियों और
खेलों के माध्यम से कराई जाएगी।
इन गतिविधियों को गणित और ‘द वर्ल्ड अराउंड अस’ (TWAU) जैसे विषयों से जोड़ा जाएगा। इससे बच्चे पढ़ाई को बोझ समझने के बजाय रोचक तरीके से नई चीजें सीख सकेंगे। वही कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए इस कार्यक्रम में सालाना 100 घंटे निर्धारित किए गए हैं। इस स्तर पर बच्चों को कंप्यूटेशनल थिंकिंग की अधिक विस्तृत जानकारी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की बुनियादी समझ और प्रोजेक्ट आधारित गतिविधियों से जोड़ा जाएगा।
इससे विद्यार्थियों को तकनीक की कार्यप्रणाली समझने, नए विचार विकसित करने और समस्याओं का व्यावहारिक समाधान खोजने का अवसर मिलेगा। नए पाठ्यक्रम को प्रभावी तरीके से लागू करने के लिए शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। सीबीएसई की अकादमिक वेबसाइट पर विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए संबंधित हैंडबुक भी उपलब्ध कराई गई हैं। शिक्षकों के प्रशिक्षण और गतिविधि आधारित पढ़ाई से बच्चों को नए विषयों को आसानी से समझने में मदद मिलेगी। नया पाठ्यक्रम बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक समझ देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे पढ़ाई को अधिक रोचक, उपयोगी और भविष्य से जुड़ा बनाने का अवसर मिलेगा।



