काशीपुर, उत्तराखण्ड
उत्तराखण्ड में
नियमों के अनुसार संचालित नहीं हो रहे मदरसों के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई लगातार
जारी है। इसी अभियान के तहत काशीपुर में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने दो
मदरसों को सील कर दिया।
जी हां, तहसीलदार पंकज चंदोला ने बताया कि
मोहम्मद हनीफ सिद्दीकी मुस्लिम पूर्व माध्यमिक विद्यालय, विजयनगर और जामिया अरबिया उलूम, काजीबाग का संचालन निर्धारित नियमों के
अनुरूप नहीं पाया गया था। जांच के बाद नियमानुसार दोनों संस्थानों को सील किया
गया।
प्रशासन के अनुसार, कार्रवाई से पहले दोनों संस्थानों को
नोटिस जारी कर आवश्यक नियमों और मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए थे। इसके
बावजूद स्थिति में सुधार नहीं मिलने पर प्रशासन ने पुलिस की मौजूदगी में सीलिंग की
कार्रवाई की।
यह कार्रवाई
उत्तराखण्ड में अनियमित रूप से संचालित मदरसों की जांच के लिए चलाए जा रहे अभियान
का हिस्सा है। प्रशासन की टीमें मदरसों के संचालन, जरूरी दस्तावेजों और निर्धारित मानकों
के पालन की जांच कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि जो भी संस्था नियमों का उल्लंघन
करती पाई जाएगी,
उसके
खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
काशीपुर में एक ही
दिन दो मदरसों पर हुई कार्रवाई के बाद प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि शिक्षण
संस्थानों का संचालन तय नियमों के अनुसार ही होना चाहिए।
वहीं, हरिद्वार के डीएम मयूर दीक्षित ने बताया
कि जिले में 102 मदरसा संचालकों ने
अपने मदरसे बंद करने की जानकारी जिला प्रशासन को शपथपत्र के माध्यम से दी है।



