• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

युवाओं के लिए सुनहरा मौका, केवल 10 रुपये में सीखें मधुमक्खी पालन

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

सहारनपुर, उत्तर प्रदेश

शहद उत्पादन के क्षेत्र में सहारनपुर पहले से ही अपनी अलग पहचान बना चुका है। यहां का शहद देश के साथ-साथ विदेशों में भी पहुंचता है। अब जिले के युवाओं को इस क्षेत्र से जोड़कर स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने के लिए उद्यान विभाग 90 दिवसीय मधुमक्खी पालन प्रशिक्षण शुरू करने जा रहा है। जी हां, उद्यान विभाग के अधीन औद्यानिक प्रयोग एवं प्रशिक्षण केंद्र में यह प्रशिक्षण 16 सितंबर से 15 दिसंबर तक चलेगा। प्रशिक्षण में मधुमक्खी पालन की वैज्ञानिक तकनीक, शहद उत्पादन और इससे जुड़े व्यवसाय की जानकारी दी जाएगी।

केवल 10 रुपये में मिलेगा प्रशिक्षण

इस प्रशिक्षण के लिए इच्छुक युवाओं को केवल 10 रुपये पंजीकरण शुल्क देना होगा। हालांकि प्रशिक्षण के दौरान रहने और खाने-पीने की व्यवस्था अभ्यर्थियों को स्वयं करनी होगी।

15 सितंबर तक करें आवेदन

मौनपालन प्रभारी नरेंद्र सिंह बिष्ट के अनुसार, प्रशिक्षण के लिए आवेदन 15 सितंबर तक किया जा सकता है। आवेदन की प्रक्रिया ऑफलाइन होगी। इसके लिए एक फोटो और आधार कार्ड की जरूरत होगी। अभ्यर्थी की उम्र 18 वर्ष से अधिक और शैक्षणिक योग्यता कम से कम कक्षा 8 पास होना जरूरी है। प्रशिक्षण के लिए पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर 40 लोगों का चयन किया जाएगा।

प्रशिक्षण पूरा होने पर मिलेगा प्रमाणपत्र

90 दिन का प्रशिक्षण पूरा करने वाले अभ्यर्थियों को प्रमाणपत्र दिया जाएगा। इसके बाद वे मधुमक्खी पालन को रोजगार या अपना व्यवसाय बनाने की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं। प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को मधुमक्खी पालन से जुड़ी सरकारी योजनाओं और व्यवसाय शुरू करने के लिए उपलब्ध वित्तीय सहायता की जानकारी भी दी जाएगी। मधुमक्खी पालन से शहद उत्पादन के साथ फसलों में परागण बढ़ाने में भी मदद मिलती है, जिससे कृषि और बागवानी को लाभ होता है। उद्यान विभाग की यह पहल युवाओं को कम लागत में एक नया कौशल सीखने और मधुमक्खी पालन के माध्यम से स्वरोजगाार की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर दे रही है।