• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

56वें अंतर्राष्ट्रीय भौतिकी ओलंपियाड में पांच भारतीय विद्यार्थियों ने स्वर्ण पदक जीते

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

नई दिल्ली

कोलंबिया के बुकारामांगा में आयोजित 56वें अंतरराष्ट्रीय भौतिकी ओलंपियाड 2026 में भारतीय टीम के सभी पांच सदस्यों ने स्वर्ण पदक जीतकर देश को गौरवान्वित किया है।

इस शानदार प्रदर्शन के साथ, भारत ने 87 देशों के 381 छात्रों के बीच चीन, कजाकिस्तान, रूस, दक्षिण कोरिया और ताइवान के साथ संयुक्त रूप से विश्व में पहला स्थान हासिल किया, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विज्ञान शिक्षा और उत्कृष्टता में देश की बढ़ती प्रतिष्ठा को दर्शाता है।

होमी भाभा सेंटर फॉर साइंस एजुकेशन (एचबीसीएसई) भारत के ओलंपियाड कार्यक्रम का नेतृत्व करता है। एचबीसीएसई, टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ फंडामेंटल रिसर्च (टीआईएफआर) का एक राष्ट्रीय केंद्र है और परमाणु ऊर्जा विभाग (डीएई) के तहत सहायता प्राप्त संस्थान है। भारत में ओलंपियाड कार्यक्रम के नोडल सेंटर के तौर पर, एचबीसीएसई देश को अंतरराष्ट्रीय ओलंपियाड समुदाय से जोड़ता है। यह संस्थान प्री-यूनिवर्सिटी छात्रों में विज्ञान और गणित की असाधारण प्रतिभा की पहचान करने, उसे निखारने और उनका मार्गदर्शन करने के लिए समर्पित है।

परमाणु ऊर्जा विभाग के सचिव और परमाणु ऊर्जा आयोग के अध्यक्ष डॉ. अजीत कुमार मोहंती ने पदक विजेताओं को बधाई दी और कहा, “हमारे युवा भौतिकविदों की यह शानदार उपलब्धि देश के लिए बहुत गर्व की बात है। अंतरराष्ट्रीय भौतिकी ओलंपियाड में पांच स्वर्ण पदक जीतना और संयुक्त रूप से विश्व में पहला स्थान हासिल करना, हमारे छात्रों की प्रतिभा, समर्पण और वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ-साथ एचबीसीएसई-टीआईएफआर ओलंपियाड कार्यक्रम की दृढ़ प्रतिबद्धता का प्रमाण है। मैं इस शानदार उपलब्धि के लिए छात्रों, उनके माता-पिता, शिक्षकों और मेंटर्स को बधाई देता हूं। उनकी सफलता अनेक युवा प्रतिभाओं को विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित करती है तथा वैज्ञानिक शिक्षा और नवाचार में भारत के बढ़ते नेतृत्व को मजबूत करती है।”

अंतरराष्ट्रीय भौतिकी ओलंपियाड 2026 में असाधारण प्रदर्शन स्कूल छात्रों के बीच वैज्ञानिक उत्कृष्टता को बढ़ावा देने और देश के भावी वैज्ञानिक और तकनीकी नेतृत्व के लिए एक मजबूत आधार तैयार करने के प्रति परमाणु ऊर्जा विभाग की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है।