• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

उत्तर प्रदेश के रामपुर में प्रमुख जन गोष्ठी का आयोजन 'विश्वगुरु भारत के लिए कुटुंब प्रबोधन जरूरी'

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

​रामपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस), रामपुर जिला इकाई द्वारा कोसी मार्ग स्थित उत्सव पैलेस में एक महत्वपूर्ण 'प्रमुख जन गोष्ठी' का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस गोष्ठी में नगर के अनेक प्रबुद्धजनों और गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया, जहां समाज के सकारात्मक परिवर्तन और भारत को पुनः 'विश्वगुरु' बनाने के संकल्प पर गहन मंथन हुआ।


​कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्र संपर्क प्रमुख डॉ. हरीश रौतेला जी ने उपस्थित जनों को संबोधित किया। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि अनन्तकाल से हिन्दू समाज एक आध्यात्मिक और अविस्मरणीय यात्रा में साधनारत है, जिसका परम उद्देश्य मानव एकता का आदर्श स्थापित करना और विश्व कल्याण है। डॉ. रौतेला ने बताया कि काल के प्रवाह में राष्ट्र जीवन में जो अनेक कमियां आ गई थीं, उन्हें दूर करने और समाज को राष्ट्रीय विचारों के साथ संगठित करने के उद्देश्य से ही वर्ष 1925 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना की गई थी।


​शताब्दी वर्ष में समाज परिवर्तन का आह्वान

संघ के आगामी शताब्दी वर्ष का उल्लेख करते हुए मुख्य वक्ता ने कहा कि यह हम सभी का सौभाग्य है कि संघ अपनी स्थापना के 100 वर्ष पूरे कर रहा है। उन्होंने उपस्थित प्रबुद्धजनों से आह्वान किया कि समाज के प्रमुख लोगों के साथ मिलकर यह यात्रा संपूर्ण समाज के परिवर्तन का आधार बने। उन्होंने सभी से इस शताब्दी वर्ष के स्वरूप को आगे बढ़ाने और भारत को विश्वगुरु बनाने की दिशा में अपना योगदान देने की अपील की।

​कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे नगर के प्रसिद्ध समाजसेवी श्रीमान अजय अग्रवाल जी ने भी अपने विचार साझा किए। उन्होंने राष्ट्र निर्माण में समाज के सभी वर्गों की एकजुटता पर बल दिया और कहा कि ऐसे वैचारिक आयोजन समाज को एक नई दिशा देने का कार्य करते हैं।

​गोष्ठी के अंत में सभी ने मिलकर राष्ट्र सेवा और समाज उत्थान का संकल्प लिया। इस अवसर पर रामपुर जिले के अनेक प्रमुख नागरिक, विचारक, संघ के पदाधिकारी और स्वयंसेवक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।