• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

अल्मोड़ा में खुलेगा दूसरा विदेशी भाषा केंद्र, युवाओं को विदेश में नौकरी पाने में होगी आसानी

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

अल्मोड़ा, उत्तराखण्ड

उत्तराखण्ड सरकार प्रदेश के युवाओं को विदेशों में रोजगार के बेहतर अवसर दिलाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी दिशा में सरकार ने अल्मोड़ा में दूसरा विदेशी भाषा प्रशिक्षण केंद्र खोलने की घोषणा की है, जिससे दूरदराज के युवाओं को प्रशिक्षण के लिए देहरादून नहीं जाना पड़ेगा।जी हां, सदन में कौशल विकास एवं सेवायोजन मंत्री सौरभ बहुगुणा ने यह घोषणा की। उन्होंने बताया कि सरकार ने युवाओं के कौशल विकास और उन्हें विदेशों में रोजगार दिलाने के लिए वर्ष 2023 में मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना शुरू की थी। इस योजना के तहत अब तक 143 युवाओं को विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इनमें से 92 युवाओं को जापान, जर्मनी, फ्रांस और सऊदी अरब जैसे देशों में नौकरी मिली है।

मंत्री ने बताया कि इस योजना के तहत कोई भी युवा प्रशिक्षण के लिए आवेदन कर सकता है। प्रशिक्षण की अवधि 8 से 10 महीने होती है। इसके बाद केंद्र सरकार और विदेश मंत्रालय से जुड़ी 16 सेवायोजन एजेंसियों के माध्यम से युवाओं को विदेशों में रोजगार के अवसर दिए जाते हैं। सरकार ने आगामी बजट में कौशल विकास के लिए 3.30 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। मंत्री ने यह भी बताया कि प्रशिक्षण की लागत करीब 1.5 लाख रुपये तक आती है, जिसमें सरकार की ओर से 20 प्रतिशत सब्सिडी दी जा रही है।

बता दें, प्रदेश का पहला भाषा प्रशिक्षण केंद्र दून विश्वविद्यालय में चल रहा है। यहां युवाओं को जर्मन, फ्रेंच, जापानी, स्पेनिश और अंग्रेजी भाषा का प्रशिक्षण दिया जाता है। इसके अलावा 26 करोड़ रुपये की लागत से बने कौशल विकास केंद्र में भी युवाओं को अलग-अलग तरह के प्रशिक्षण दिए जा रहे हैं। यहां युवाओं के लिए छात्रावास की सुविधा भी उपलब्ध है।