पुणे
मोतीबाग कार्यालय में ‘समर्थ भारत’ की अद्यतन वेबसाइट के उद्घाटन कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत जी ने कहा कि समाज राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर सकारात्मक और विश्वास की दृष्टि से देखता है। यह हमारे लिए अवसर और चुनौती दोनों है। ‘समर्थ भारत’ जैसी सुनियोजित परियोजनाओं को पूर्व योजना के साथ शुरू करना आवश्यक है। इस अवसर पर पुणे महानगर संघचालक रवींद्र वंजारवाडकर उपस्थित रहे।
उन्होंने कहा कि यह देखा गया है कि संघ में काम करते समय नागरिक सुरक्षित अनुभव करते हैं। समय की कमी को देखते हुए, समाज के कार्यों को और अधिक गति से किया जाना चाहिए। इसके लिए प्रौद्योगिकी का उपयोग करते हुए स्थानीय स्तर पर समस्याओं के समाधान के प्रयास किए जाने चाहिए। यह वेबसाइट निश्चित रूप से इसमें उपयोगी साबित होगी।
‘समर्थ भारत’ एक सामाजिक उद्यम है, जो सामाजिक कार्यों में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से भारत को सशक्त बनाने की दिशा में काम कर रहा है। स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, सशक्तिकरण, सतत विकास और सामुदायिक विकास (sustainability, community development) जैसे विभिन्न सामाजिक उपक्रमों में आम नागरिकों, स्वयंसेवकों, गैर सरकारी संगठनों और कॉरपोरेट संस्थाओं को जोड़ना ‘समर्थ भारत’ का मुख्य उद्देश्य है।
‘समर्थ भारत’ की शुरुआत 2017 में हुई थी। यह एक निःशुल्क मंच है, जिसका उद्देश्य नागरिकों, गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ), और कंपनियों के बीच की दूरी कम करना है। नागरिकों को सार्थक सामाजिक उपक्रमों से जोड़कर स्वयंसेवी संस्थाओं, स्वयंसेवकों के नेटवर्क, और सीएसआर के प्रति प्रतिबद्ध कंपनियों को एक साथ लाने का कार्य ‘समर्थ भारत’ करती है।
‘समर्थ भारत’ ने आज तक 7,500 से अधिक स्वयंसेवकों को विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों से जोड़ा है। इसने 2018 के स्वच्छ नदी अभियान, कोविड-19 राहत कार्य, 3 लाख से अधिक रक्त बैगों का संग्रहण, 51 लाख से अधिक भोजन वितरण और एक लाख से अधिक चिकित्सा जांच जैसे कई प्रभावशाली सामाजिक उपक्रमों को प्रेरित किया है। सेवा भारती, पीएसवीपी, ग्राम विकास, पूर्णम इकोविजन, स्वरूप वर्धिनी, जनकल्याण ब्लड सेंटर, सेवा आरोग्य, स्वानंद जनकल्याण, एक क्षण आनंदाचा और कई अन्य संगठनों को आधार प्रदान किया है।
सहयोग के माध्यम से समुदायों को सक्षम बनाना, विभिन्न कॉरपोरेट्स को गैर-सरकारी संगठनों से नि:शुल्क जोड़कर इसके माध्यम से सीएसआर निवेश सीधे समुदाय की आवश्यकताओं तक पहुंचाने के लिए ‘समर्थ भारत’ काम करता है। इस अवसर पर ‘समर्थ भारत’ के मंगेश घाटपांडे, विनोद खरे और अधिराज गाडगिल उपस्थित रहे।



