मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश
अब खेती-किसानी केवल पुरुषों तक सीमित नहीं रह गई है। महिलाएं भी आगे बढ़कर नई-नई तरह की खेती और उससे जुड़े काम कर रही हैं और अच्छा पैसा कमा रही हैं। ऐसी ही एक प्रेरणा हैं महिला किसान प्रिंसी यादव, जिन्होंने ऑर्गेनिक प्याज का सिरका बनाकर अपनी अलग पहचान बनाई है। प्रिंसी यादव ने बताया कि अगर खेती में कुछ नया किया जाए तो सफलता जरूर मिलती है। इसी सोच के साथ उन्होंने यह काम शुरू किया। उन्होंने सबसे पहले अपने खेत में बिना किसी केमिकल के ऑर्गेनिक प्याज उगाई। इसके लिए वर्मी कंपोस्ट, जीवामृत और केंचुआ खाद का प्रयोग किया गया। प्याज तैयार होने के बाद उन्होंने उससे सिरका बनाया। सिरका बनाने में भी उन्होंने अपने खेत में उगाए गए ऑर्गेनिक गन्ने का ही प्रयोग किया। इस तरह पूरी तरह शुद्ध और ऑर्गेनिक प्याज का सिरका तैयार हुआ। इसमें केवल घर में पिसे हुए मसाले डाले गए हैं, जिससे यह स्वादिष्ट होने के साथ-साथ सेहत के लिए भी फायदेमंद है।
इस ऑर्गेनिक प्याज के सिरके की मांग अब केवल स्थानीय बाजार तक ही सीमित नहीं है। मुरादाबाद मंडल समेत कई जिलों में इसकी अच्छी डिमांड है। बड़े-बड़े होटलों में भी इसकी सप्लाई हो रही है और लोग इसे खूब पसंद कर रहे हैं। देश के अलग-अलग हिस्सों से भी ऑर्डर मिलने लगे हैं। इस काम से प्रिंसी यादव को अच्छा मुनाफा हो रहा है और वे बहुत खुश हैं। वह दूसरी महिलाओं से भी अपील कर रही हैं कि वे भी खेती या उससे जुड़े किसी नए काम की शुरुआत करें और आत्मनिर्भर बनें।



