लखनऊ, उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सरोजनी नगर में अशोक लेलैंड के इलेक्ट्रिक वाहन मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का औपचारिक उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री एचडी कुमारस्वामी मौजूद रहे। सरोजनी नगर में स्थापित इस अत्याधुनिक प्लांट के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश अव्यवस्था और अराजकता के लिए जाना जाता था, लेकिन आज प्रदेश में विकास और उत्सव का माहौल है। उन्होंने कहा कि बीते आठ वर्षों में राज्य में कोई दंगा नहीं हुआ है और अब उत्तर प्रदेश ‘बीमारू राज्य’ नहीं, बल्कि देश को सबसे अधिक राजस्व देने वाले राज्यों में शामिल है। अब शायद ही कोई महीना ऐसा गुजरता हो, जब प्रदेश में कोई बड़ा आयोजन या उत्सव न होता हो।
उद्घाटन से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने फैक्ट्री परिसर में तैयार की गई इलेक्ट्रिक बसों का निरीक्षण किया और ई-बस में सफर भी किया। बताया गया कि सरोजनी नगर स्थित यह फैक्ट्री अत्याधुनिक तकनीक से लैस है और इसे रिकॉर्ड 16 महीनों में तैयार किया गया है। प्लांट को मॉड्यूलर डिजाइन पर विकसित किया गया है, जिससे भविष्य में जरूरत के अनुसार उत्पादन क्षमता बढ़ाई जा सकेगी। फिलहाल यहां इलेक्ट्रिक बस, ई-ट्रेवलर और ई-लोडिंग वाहन बनाए जाएंगे। यह उत्तर प्रदेश की पहली इलेक्ट्रिक बस निर्माण इकाई है।
कंपनी के अनुसार, शुरुआती चरण में हर साल लगभग 2,500 इलेक्ट्रिक बसों का निर्माण किया जाएगा। भविष्य में मांग बढ़ने पर इस क्षमता को बढ़ाकर 5,000 बस प्रतिवर्ष करने की योजना है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह प्लांट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश में बढ़ते औद्योगिक विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक मोबिलिटी पर्यावरण संरक्षण और ग्लोबल वार्मिंग जैसी चुनौतियों से निपटने में अहम भूमिका निभाएगी। साथ ही इस परियोजना से युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
फिलहाल इस फैक्ट्री में करीब 500 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिला है। उत्पादन बढ़ने के साथ आने वाले समय में लगभग 2,000 और रोजगार अवसर पैदा होने की संभावना है, जिससे आसपास के क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। लखनऊ में शुरू हुआ यह इलेक्ट्रिक वाहन मैन्युफैक्चरिंग प्लांट उत्तर प्रदेश को हरित परिवहन, रोजगार सृजन और आधुनिक औद्योगिक विकास की दिशा में एक नई पहचान देने वाला महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



