• अनुवाद करें: |
विशेष

युवा कलम बने बदलाव की आवाज

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

युवा कलम बने बदलाव की आवाज  

कहते हैं कलम की ताकत तलवार से अधिक धारदार होती है। कलम नये विचारों को जन्म देती है। जब पत्रकार की कलम सत्य के साथ चलती है तो वह समाचार नहीं लिखती बल्कि लोकतन्त्र में सभी के अधिकारों को सुरक्षा प्रदान करने में अहम भूमिका निभाती है। सत्ता से सीधे सवाल कर आम जनमानस की आवाज़ को बुलन्द करती है।

भारतीय लोकतांत्रिक व्यवस्था में पत्रकारिता को चौथा स्तंभ कहा जाता है, क्योंकि यह सत्ता और समाज के बीच संवाद का सबसे प्रभावी माध्यम है। पत्रकारिता का उद्देश्य केवल घटनाओं का संकलन या प्रसारण नहीं, बल्कि जनमत का निर्माण, लोकतांत्रिक मूल्यों का संरक्षण और राष्ट्र के विकास में सक्रिय सहभागिता है। ऐसे में उत्तर प्रदेश के युवा पत्रकारों की भूमिका विशेष रूप से महत्वपूर्ण हो जाती है। 

भारत का सबसे अधिक जनसंख्या वाला राज्य होने के कारण उत्तर प्रदेश की युवा ऊर्जा, सांस्कृतिक विविधता और सामाजिक परिवर्तन की अपार संभावनाओं का केंद्र है। यही युवा आज पत्रकारिता के माध्यम से समाज की संवेदनाओं का स्वर बनकर आम जनमानस और लोकतंत्र को सशक्त बना रहे हैं और साथ ही विकसित भारत के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उत्तर प्रदेश भारतीय पत्रकारिता और हिन्दी साहित्य की ऐतिहासिक भूमि का सदैव से केंद्र रहा है। यहां के जिले जैसे प्रयागराज, वाराणसी, लखनऊ, कानपुर और आगरा लंबे समय से साहित्य, विचार और जनचेतना के केंद्र रहे हैं और आज भी हिन्दी पत्रकारिता में यहाँ के अधिकतर युवा प्रतिष्ठित समाचार संस्थानों में अप्रतिम योगदान दे रहे हैं। स्वतंत्रता आंदोलन के समय जनजागरण और सामाजिक मुद्दों को प्रमुखता से प्रकाश में लाने के महत्वपूर्ण अभियानों में यहाँ की पत्रकारिता ने राष्ट्रीय चेतना जागृत करने का कार्य किया। अनेक समाचार पत्रों और निर्भीक पत्रकारों ने अंग्रेजी शासन के दमन के विरुद्ध जनमत तैयार किया और स्वतंत्रता की भावना को जन-जन तक पहुँचाया। यह परंपरा केवल इतिहास का विषय नहीं है, बल्कि आज भी उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है ।

उत्तर प्रदेश भारतीय संस्कृति और ज्ञान परंपरा का प्रमुख केंद्र है। यहाँ के कई जिले जैसे अयोध्या, काशी, मथुरा, प्रयागराज, चित्रकूट और कुशीनगर, केवल धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक आत्मा के प्रतीक हैं। युवा पत्रकार इन सांस्कृतिक धरोहरों, लोक परंपराओं, लोकभाषाओं, लोक कला, योग, आयुर्वेद और भारतीय ज्ञान परंपरा को आधुनिक माध्यमों की सहायता से देश और दुनिया तक पहुँचा रहे हैं। यहाँ की पत्रकारिता सांस्कृतिक संरक्षण के साथ-साथ राष्ट्रीय पहचान को भी सुदृढ़ बना रही है।

उत्तर प्रदेश की पुण्य धरा ने केवल स्वतंत्रता सेनानी, साहित्यकार और समाज सुधारक ही नहीं दिये, अपितु ऐसे निडर और ईमानदार पत्रकार भी दिए हैं, जिन्होंने अपनी पत्रकारिता को सत्य, न्याय और राष्ट्रहित के लिए समर्पित कर दिया। यहाँ की पत्रकारिता की परंपरा संघर्ष, साहस और सामाजिक उत्तरदायित्व की ऐसी विरासत है, जिसने भारतीय लोकतंत्र को सदैव सशक्त और समृद्ध बनाया है। 

पत्रकारिता के पुरोधा कहे जाने वाले गणेश शंकर विद्यार्थी, बनारसीदास चतुर्वेदी, विद्या भास्कर से लेकर एस.पी. सिंह और आज के युवा पत्रकारों तक उत्तर प्रदेश की पत्रकारिता सत्य, साहस और सामाजिक उत्तरदायित्व की एक सतत परंपरा रही है। यही विरासत नई पीढ़ी के पत्रकारों को निष्पक्ष, संवेदनशील और उत्तरदायी पत्रकारिता की प्रेरणा देती है। आज युवा पीढ़ी में भी ऐसे कई उदाहरण हैं जैसे अमन गुप्ता (उत्तर प्रदेश, बुंदेलखंड) जिन्होंने ने बुंदेलखंड के जल संकट, पर्यावरण, किसानों और ग्रामीण भारत की चुनौतियों पर अपनी जमीनी रिपोर्टिंग से यह सिद्ध किया है कि सच्ची पत्रकारिता वही है जो समाज के अंतिम व्यक्ति की पीड़ा को देश के सामने रख सके और सरकारों से न्याय दिला सके। अब तक केंद्र सरकार द्वारा उत्तर प्रदेश के कई पत्रकारों को उनके अभूतपूर्व योगदान के लिए राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। जिसमें एबीपी न्यूज में कार्य कर रही श्रीमती चित्रा त्रिपाठी जी हैं जिन्हें 2015 के जर्नलिज्म के सर्वाेच्च सम्मान रामनाथ गोयनका अवॉर्ड्स से सम्मानित किया गया। वह मूल रूप से गोरखपुर की रहने वाली हैं।

इसी प्रकार वाराणसी उत्तर प्रदेश के रहने वाले आशुतोष मिश्रा जो इंडिया टुडे ग्रुप में एडिटर के पद पर कार्यरत हैं उन्हें भी उनकी मणिपुर से ग्राउंड रिपोर्टिंग कवरेज के लिए पत्रकारिता के सर्वाेच्च सम्मान रामनाथ गोयनका अवॉर्ड्स से सम्मानित किया जा चुका है।

इक्कीसवीं सदी की पत्रकारिता ने अभूतपूर्व परिवर्तन देखे हैं। आज इंटरनेट की सुलभता, डिजिटल तकनीक ने समाचारों की गति, स्वरूप और पहुँच तीनों को बदल दिया है । आज युवा पत्रकार केवल समाचार कक्ष तक सीमित नहीं है, उनके हाथ में स्मार्ट फोन और इंटरनेट है और सामने पूरा विश्व एक मंच के रूप में उपस्थित है। मोबाइल पत्रकारिता, डेटा पत्रकारिता, पॉडकास्ट, डिजिटल न्यूज प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया ने युवाओं को अभिव्यक्ति के नए अवसर दिए हैं। उत्तर प्रदेश के अनेक युवा इन माध्यमों का उपयोग करते हुए गाँवों, कस्बों और शहरों की समस्याओं, उपलब्धियों और संभावनाओं को राष्ट्रीय विमर्श का हिस्सा बना रहे हैं।

 डिजिटल युग ने अनेक अवसर जरूर दिए हैं, परन्तु साथ में चुनौतियाँ भी बढ़ी हैं। आज फेक न्यूज, आधी-अधूरी जानकारी, कृतिम बुद्धिमत्ता (एआई) द्वारा निर्मित भ्रामक सामग्री, ट्रोल संस्कृति और सनसनीखेज प्रस्तुति पत्रकारिता की विश्वसनीयता के सामने गंभीर प्रश्न खड़े कर रही हैं। ऐसे समय में उत्तर प्रदेश के युवा पत्रकारों के लिए तथ्य-जाँच (फैक्ट चेक), नैतिकता, निष्पक्षता और संवेदनशीलता पहले से अधिक आवश्यक हो गई है। आज सभी पत्रकारों को फैक्ट चेकिंग टूल को गहराई से समझने और जानने की जरूरत है। पत्रकारिता की शक्ति उसकी गति में नहीं, बल्कि उसकी विश्वसनीयता में निहित होती है। पत्रकारिता का वास्तविक उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचना है। 

उत्तर प्रदेश का विशाल ग्रामीण क्षेत्र आज भी अनेक चुनौतियों से जूझ रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, रोजगार, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, स्थानीय प्रशासन और सामाजिक न्याय जैसे विषयों पर युवा पत्रकार गंभीरता से कार्य कर रहे हैं। वे उन सभी मुद्दों और विषयों को सामने ला रहे हैं जो प्रायः मुख्यधारा की मीडिया में अपना स्थान नहीं बना पाते। आज हमारा देश विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की ओर अग्रसर है। इस विकसित राष्ट्रीय संकल्प की सफलता केवल आर्थिक प्रगति से नहीं, बल्कि जागरूक, उत्तरदायी नागरिकों से सुनिश्चित होगी। उत्तर प्रदेश के युवा पत्रकार यदि शासन और समाज के बीच पारदर्शिता, उत्तरदायित्व और संवाद को सुदृढ़ करते हैं, तो वे इस राष्ट्रीय लक्ष्य के वास्तविक सहभागी बनेंगे। 

लोकतंत्र में एक जागरूक नागरिक वही बन सकता है जिसे सही, संतुलित और तथ्यपरक जानकारी प्राप्त हो। आज का भारत केवल समस्याओं पर चर्चा नहीं, बल्कि समाधान की खोज भी चाहता है। इसी कारण समाधानपरक या रचनात्मक पत्रकारिता का महत्व निरंतर बढ़ रहा है। उत्तर प्रदेश के अनेक युवा पत्रकार केवल नकारात्मक घटनाओं पर ध्यान केंद्रित नहीं करते, बल्कि समाज में हो रहे सकारात्मक प्रयासों को भी प्रमुखता से सामने ला रहें हैं। शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार, जैविक खेती, महिला उद्यमिता, जल संरक्षण, स्टार्टअप संस्कृति, युवा नवप्रवर्तन, स्थानीय कारीगरों की उपलब्धियाँ और सामाजिक सेवा के उदाहरण समाज में आशा और विश्वास का वातावरण निर्मित करते हैं। ऐसी पत्रकारिता राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया को गति देती है।

आज आवश्कता है, नई शिक्षा नीति 2020, डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत 2047 जैसे राष्ट्रीय अभियानों के संदर्भ में उत्तर प्रदेश के युवा अधिक से अधिक ख़बरों को अपने पत्रकारिता के माध्यम से लोगों के बीच साझा करें ताकि इसका लाभ हमारी युवा पीढ़ी को मिल सके। आज युवा पत्रकार शोध-आधारित पत्रकारिता, डेटा विश्लेषण, खोजी पत्रकारिता और रचनात्मक पत्रकारिता के माध्यम से न केवल समाचार प्रस्तुत कर रहे हैं, बल्कि नीति-निर्माण और जनजागरण में भी सार्थक योगदान दे रहे हैं।

उत्तर प्रदेश का युवा आज परिवर्तन का प्रतीक है। यदि उसकी पूर्ण ऊर्जा पत्रकारिता की नैतिकता, तकनीकी दक्षता और राष्ट्रीय दृष्टि से जुड़ जाए, तो वह केवल समाचारों का सृजन नहीं करेगा, बल्कि एक ऐसे भारत के निर्माण में सहभागी बनेगा जहाँ लोकतंत्र और अधिक मजबूत, जागरूक तथा समृद्ध होगा।