अलीगढ़, उत्तर प्रदेश
अलीगढ़ के आठ प्रमुख बस स्टेशनों को अब
नई पहचान मिलने जा रही है। बता दें, जिले के इतिहास में महत्वपूर्ण योगदान देने
वाले महापुरुषों और शहीदों को याद रखने और नई पीढ़ी को उनके योगदान से परिचित
कराने के लिए इन बस स्टेशनों के नाम उनके नाम पर रखने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
आजादी के अमृत महोत्सव के तहत रोडवेज की ओर से आठ बस स्टेशनों के नए नामों का
प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। शासन से मंजूरी मिलने के बाद इन बस स्टेशनों की
पहचान नए नामों से होगी।
प्रस्ताव के अनुसार इगलास बस स्टेशन का
नाम राजा अमानी जी बस स्टेशन, अकराबाद
बस स्टेशन का नाम अमर शहीद ठाकुर मंगल सिंह-महताब सिंह बस स्टेशन और मसूदाबाद बस
स्टेशन का नाम नारायण पंडित जी बस स्टेशन रखने की संस्तुति की गई है। इसी तरह शहर
के सूतमील चौराहा सैटेलाइट बस स्टेशन का नाम मोहनलाल गौतम बस स्टेशन और गभाना बस
स्टेशन का नाम छोटे लाल गौतम बस स्टेशन रखने का प्रस्ताव है। गांधीपार्क बस स्टेशन
को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी बस स्टेशन, खैर बस स्टेशन को ठाकुर टोडर सिंह बस स्टेशन और अतरौली बस
स्टेशन को बनारसी दास बस स्टेशन के नाम से पहचान देने की संस्तुति शासन को भेजी गई
है।
इन बस स्टेशनों के नाम बदलने का
उद्देश्य केवल नाम में बदलाव करना नहीं, बल्कि जिले के उन महापुरुषों और शहीदों को सम्मान देना भी है,
जिनका इतिहास में महत्वपूर्ण योगदान रहा
है। बस स्टेशन जैसे सार्वजनिक स्थानों पर उनके नाम होने से रोजाना आने-जाने वाले
हजारों यात्रियों को भी उनके बारे में जानने का अवसर मिलेगा। विशेषकर युवा
पीढ़ी अपने जिले के इतिहास और इन महान व्यक्तित्वों के योगदान से परिचित हो सकेगी।



