• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

पौधारोपण अभियान की शुरुआत, सीएम योगी ने किया आह्वान

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

गोरखपुर, उत्तर प्रदेश

एक पेड़ मां के नाम’ अभियान: हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

 हरियाली बढ़ाने, पर्यावरण को सुरक्षित रखने और लोगों को प्रकृति से जोड़ने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान चलाया जा रहा है। बता दें, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर से पौधरोपण महायज्ञ-2026 का शुभारंभ किया. साथ ही इस अभियान को आगे बढ़ाते हुए प्रदेशवासियों से प्रत्येक व्यक्ति से कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का संकल्प लेने की अपील की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान केवल पौधारोपण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि धरती माता के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का एक प्रयास है। उन्होंने कहा कि धरती हमें अन्न, जल, फल और स्वच्छ वातावरण प्रदान करती है, इसलिए उसकी रक्षा करना हम सभी का दायित्व है।


मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश ने पिछले नौ वर्षों में 242 करोड़ पौधे लगाकर एक नई उपलब्धि प्राप्त की है। पिछले वर्ष प्रदेश में 35 करोड़ पौधे लगाए गए थे, जबकि इस वर्ष 5 जून से शुरू हुए अभियान के तहत अब तक 5 करोड़ से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि पौधे लगाने के साथ-साथ उनका संरक्षण करना भी उतना ही आवश्यक है।


उन्होंने बताया कि बड़े स्तर पर हुए पौधारोपण से प्रदेश में करोड़ों टन कार्बन डाइऑक्साइड का अवशोषण हुआ है और बड़ी मात्रा में ऑक्सीजन का उत्सर्जन हुआ है, जिससे पर्यावरण संतुलन मजबूत हुआ है।

साथ ही मुख्यमंत्री ने जलवायु परिवर्तन और ग्लोबल वार्मिंग पर चिंता जताते हुए कहा कि पेड़ों की अंधाधुंध कटाई और जल स्रोतों के नुकसान से मौसम का संतुलन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि विकास और पर्यावरण संरक्षण दोनों को साथ लेकर आगे बढ़ना समय की जरूरत है। इसी दिशा में प्रदेश में एलईडी स्ट्रीट लाइटों का विस्तार, अयोध्या को सोलर सिटी के रूप में विकसित करना और उज्ज्वला योजना के माध्यम से स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराने जैसे कई प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपने पूर्वजों की स्मृति में एक पेड़ लगाने, उसकी नियमित देखभाल करने और सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्त समाज बनाने के अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।