• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

बागेश्वर में शुरू हुई 20 मिनट की ऑनलाइन डिलीवरी सेवा

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

बागेश्वर, उत्तराखण्ड

अगर मन में कुछ नया करने की लगन हो, तो छोटे शहर भी बड़े मौके दे सकते हैं। आज ऑनलाइन डिलीवरी सिर्फ महानगरों तक सीमित नहीं रही। अब पहाड़ और छोटे शहरों के युवा भी इस दिशा में आगे बढ़ रहे हैं और अपने क्षेत्र के लोगों को आधुनिक सुविधाएं दे रहे हैं।

बागेश्वर के दो भाइयों ने मिलकर रंगीलो मार्ट डॉट कॉम नाम की एक वेबसाइट शुरू की है। इसके माध्यम से वे ग्रॉसरी, होली का सामान, बेकरी और डेयरी आइटम, जूस, सफाई का सामान, गिफ्ट समेत जरूरत का सामान केवल 20 मिनट में घर तक पहुंचा रहे हैं।

 रंगीलो मार्ट की शुरुआत करने वाले युवा उद्यमी हिमांशु नगरकोटी ने बताया कि उन्होंने करीब 12 साल तक बेंगलुरु में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के तौर पर काम किया। जब वे अपने घर बागेश्वर लौटे, तो उन्होंने सोचा कि क्यों न अपने ही शहर के लिए कुछ नया किया जाए। इसी सोच के साथ उन्होंने अपने भाई के साथ मिलकर रंगीलो मार्ट शुरू करने का निर्णय लिया।

हिमांशु के छोटे भाई रोहित नगरकोटी, जो एक जिम ओनर हैं और फिटनेस के क्षेत्र में सक्रिय हैं, इस काम में उनका पूरा सहयोग कर रहे हैं। फिलहाल यह सेवा सरयू पुल से करीब पांच किलोमीटर के दायरे में उपलब्ध है। लोग बिल्कुल उसी तरह ऑर्डर कर सकते हैं, जैसे बड़े ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर करते हैं।

 हिमांशु बताते हैं कि गूगल पर “रंगीलो मार्ट” सर्च करते ही उनकी वेबसाइट खुल जाती है। यहां से लोग होली के रंग, कपड़े, फल-सब्जी, राशन, साबुन-शैंपू, स्नैक्स, पहाड़ी दालें, डेयरी-बेकरी आइटम, बच्चों का सामान, जूस, कोल्ड ड्रिंक, गिफ्ट, केक, और मसाले तक मंगवा सकते हैं।

खास बात यह है कि इस वेबसाइट को हिमांशु ने खुद ही तैयार किया है। आने वाले समय में वे इसका मोबाइल ऐप भी लॉन्च करने की तैयारी में हैं। उनका कहना है कि जिले में ज्यादातर लोग नौकरी या व्यवसाय में व्यस्त रहते हैं, ऐसे में प्रतिदिन बाजार जाना मुश्किल होता है। इसी समस्या को ध्यान में रखकर उन्होंने यह पहल की। रंगीलो मार्ट को लोगों का अच्छा समर्थन मिल रहा है। भविष्य में काम बढ़ने पर वे अन्य युवाओं को भी रोजगार से जोड़ने की योजना बना रहे हैं।