• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

सेना बनी जरूरतमंदों की आंखों की रोशनी, मेरठ में 412 मरीजों का नि:शुल्क ऑपरेशन

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

मेरठ, उत्तर प्रदेश

देश की सीमाओं की रक्षा करने वाली भारतीय सेना अब जरूरतमंदों के जीवन में रोशनी भी भर रही है। उत्तर प्रदेश के मेरठ में सेना ने मानवता और सेवा की एक ऐसी प्रेरणा प्रस्तुत की है, जिसने सैकड़ों परिवारों के जीवन में नई उम्मीद जगाई है।

जी हां, मेरठ के मिलिट्री हॉस्पिटल में आयोजित मेगा सर्जिकल आई कैंप 'ऑपरेशन दृष्टि' के तहत 412 मरीजों की आंखों की सर्जरी की गई। बता दें, सभी मरीजों का इलाज पूरी तरह निःशुल्क किया गया। इनमें पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 197 जरूरतमंद नागरिक भी शामिल हैं। 21 से 25 नवंबर तक चले इस अभियान का यह 13वां संस्करण था। इसे पश्चिमी उत्तर प्रदेश का अब तक का सबसे बड़ा मेगा सर्जिकल आई कैंप बताया गया है।

कैंप में मोतियाबिंद, ग्लूकोमा, रेटिना और आंखों में मांस बढ़ने जैसी समस्याओं का इलाज किया गया। इतना ही नहीं, 55 से 60 ऐसे मरीजों की भी सफल सर्जरी हुई, जो गंभीर मोतियाबिंद के कारण लगभग अपनी आंखों की रोशनी खो चुके थे। इस अभियान को सफल बनाने के लिए सेना की मेडिकल टीम ने पहले ही बागपत, बुलंदशहर, हापुड़, शामली और मुरादाबाद में स्क्रीनिंग कैंप लगाए थे। जांच के बाद जरूरतमंद मरीजों को मेरठ के मिलिट्री हॉस्पिटल लाया गया, जहां 22 से 24 नवंबर के बीच उनकी सर्जरी की गई।

इस अभियान की सबसे भावुक कहानियों में 30 वर्षीय अक्षय कुमार की कहानी शामिल है। पेशे से रिक्शा चालक अक्षय की आंखों की रोशनी साल 2019 में चोट लगने के बाद चली गई थी। सात साल तक अंधेरे में जिंदगी गुजारने के बाद उन्हें इस कैंप की जानकारी मिली। यहां सफल ऑपरेशन के बाद उनकी जिंदगी में फिर से उम्मीद की रोशनी लौटी।

'ऑपरेशन दृष्टि' की शुरुआत रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की पहल पर की गई थी। इसका उद्देश्य देश के दूरदराज और जरूरतमंद क्षेत्रों में लोगों तक बेहतर नेत्र चिकित्सा पहुंचाना है। इस अभियान का नेतृत्व आर्मी हॉस्पिटल (रिसर्च एंड रेफरल), दिल्ली कैंट के नेत्र रोग विभाग के प्रमुख ब्रिगेडियर संजय कुमार मिश्रा ने किया।