अयोध्या, उत्तर प्रदेश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या के भदरसा कस्बे का
नाम बदलकर ‘भरत नगर’ करने की घोषणा की है। साथ ही,
खिलौनी-सुचितागंज
नगर पंचायत का नया नाम ‘मां ज्वाला जी नगर पंचायत’ रखा जाएगा।
अयोध्या की ऐतिहासिक और धार्मिक पहचान को और मजबूत बनाने की
दिशा में उत्तर प्रदेश सरकार ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। जी हां, मुख्यमंत्री
योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या जिले के भदरसा कस्बे का नाम बदलकर ‘भरत नगर’ करने की
घोषणा की। इसके साथ ही खिलौनी-सुचितागंज नगर पंचायत का नाम बदलकर ‘मां ज्वाला जी
नगर पंचायत’ रखने का भी ऐलान किया गया।
बता दें, बीकापुर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब भदरसा क्षेत्र ‘भरत नगर’ के नाम से जाना जाएगा। उन्होंने
बताया कि भरत कुंड से जुड़े पूरे क्षेत्र को भी इसी पहचान के साथ विकसित किया
जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह निर्णय भगवान
श्रीराम के छोटे भाई भरत के त्याग, समर्पण और आदर्शों को सम्मान
देने के लिए लिया गया है। उन्होंने कहा कि जब भगवान श्रीराम 14 वर्ष के वनवास पर गए थे, तब भरत ने राजगद्दी स्वीकार
नहीं की। उन्होंने श्रीराम की खड़ाऊं को सिंहासन पर स्थापित कर स्वयं भरत कुंड में
रहकर पूरे राज्य का संचालन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भरत का जीवन त्याग, सेवा और मर्यादा का अद्भुत उदाहरण है।
साथ ही सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या की सांस्कृतिक और
धार्मिक विरासत पूरे देश के लिए प्रेरणा है। सरकार भरत नगर को एक विकसित नगर
पंचायत के रूप में आगे बढ़ाएगी और यहां सड़क, बिजली, पानी समेत अन्य आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि इस निर्णय
से क्षेत्र की धार्मिक पहचान और मजबूत होगी, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और
स्थानीय लोगों को विकास के नए अवसर मिलेंगे।



