• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

'मां’ समूह की पहल से सुधरेगी मिड-डे मील की गुणवत्ता

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश

बच्चों को स्कूलों में पौष्टिक, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने एक नई पहल शुरू की है। अब परिषदीय और सहायता प्राप्त विद्यालयों में पीएम पोषण की गुणवत्ता की निगरानी स्वयं बच्चों की माताएं करेंगी। इससे भोजन की गुणवत्ता में सुधार के साथ-साथ अभिभावकों की भागीदारी भी बढ़ेगी।

जानकारी के अनुसार, शासन के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित सिंह ने सभी विद्यालयों में ‘मां’ समूह गठित करने के निर्देश दिए हैं। प्रत्येक विद्यालय में छह महिला अभिभावकों का चयन कर रोस्टर तैयार किया जाएगा। तय दिन पर ये माताएं विद्यालय पहुंचकर भोजन बनने और परोसने की पूरी प्रक्रिया देखेंगी, भोजन चखेंगी और गुणवत्ता से जुड़े अपने सुझाव रजिस्टर में दर्ज करेंगी।  

वहीं, नगर क्षेत्र के विद्यालयों में वितरित किए जा रहे मिड-डे मील की गुणवत्ता पर भी विशेष नजर रखी जा रही है। इसके लिए सीडीओ स्तर पर एक टीम गठित की गई है, जो विद्यालयों का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता की जांच कर रही है। वर्तमान में बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के करीब 119 विद्यालयों में संस्थाओं के माध्यम से पका हुआ भोजन बच्चों को उपलब्ध कराया जा रहा है। जांच के आधार पर गुणवत्ता में आवश्यक सुधार किए जाएंगे।

जिला प्रशासन का लक्ष्य जल्द ही सभी विद्यालयों में भोजन विद्यालय परिसर में ही तैयार कर बच्चों को उपलब्ध कराना है। इसके लिए गैस कनेक्शन, बैंक खाते और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं लगभग पूरी की जा चुकी हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित सिंह के अनुसार जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुरूप तैयारियां तेजी से पूरी की जा रही हैं, ताकि बच्चों को हर दिन ताजा, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन मिल सके।