लखनऊ
स्वामी विवेकानंद जी की जयंती और राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं को संबोधित करते हुए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की और उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने विवेकानंद यूथ अवार्ड को लेकर बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अब यह पुरस्कार केवल खेल और सामाजिक कार्यों तक सीमित नहीं रहेगा। भविष्य में पर्यावरण संरक्षण और जल संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवक मंगल दल और महिला मंगल दल को भी यह सम्मान दिया जाएगा.. साथ ही उन्होंने राज्य स्तर पर विवेकानंद युवा पुरस्कार भी वितरित किए। वही मुख्यमंत्री ने खेलो इंडिया योजना के तहत 21 करोड़ रुपये की लागत से बने पांच मल्टीपर्पज हॉल का लोकार्पण किया। इनमें लखनऊ में दो और हरदोई, कन्नौज और सहारनपुर में एक-एक हॉल शामिल हैं। इसके साथ ही 26 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले तीन ग्रामीण स्टेडियमों का शिलान्यास भी किया गया, जो सुलतानपुर, कासगंज और फतेहपुर में बनाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जल संरक्षण और पर्यावरण संतुलन सबसे बड़ी आवश्यकता है। प्रदेश के हर गांव में चेकडैम, अमृत सरोवर, पुराने कुओं के पुनरुद्धार और प्राचीन नदियों को अतिक्रमण से मुक्त कराने में युवाओं की भूमिका बेहद अहम होगी। इन्हीं कार्यों के आधार पर आगे चलकर विवेकानंद यूथ अवार्ड दिए जाएंगे।
उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को जन आंदोलन बनाने की अपील की और कहा कि हर परिवार को अपनी सदस्य संख्या के अनुसार पौधे लगाने चाहिए। आगामी वन महोत्सव के दौरान प्रदेश में 35 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे, जिसमें युवक और महिला मंगल दलों की अहम भूमिका होगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि गांवों में खेल मैदान, विकासखंड स्तर पर मिनी स्टेडियम और जिलों में बड़े स्टेडियम बनाए जा रहे हैं, ताकि युवाओं को खेल, नशामुक्ति, टीमवर्क और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ा जा सके। मुख्यमंत्री ने ‘युवा शक्ति-राष्ट्र शक्ति’ के मंत्र के साथ युवाओं को विकसित भारत-2047 के संकल्प से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने स्वामी विवेकानंद को भारत की सनातन संस्कृति का वैश्विक प्रतिनिधि बताया और जीजाबाई मां साहिब की जयंती पर मातृशक्ति के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि “उत्तिष्ठत जाग्रत प्राप्य वरान्निबोधत” आज भी युवाओं के लिए प्रेरणादायक मंत्र है। लक्ष्य पर ध्यान, संकल्प में मजबूती और निरंतर प्रयास से ही सफलता मिलती है। मुख्यमंत्री ने सरकारी नौकरियों, निवेश, ओडीओपी, स्टार्टअप, स्मार्टफोन-टैबलेट वितरण और सीएम युवा जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि यूपी में रोजगार के नए अवसर बन रहे हैं।



