अयोध्या, उत्तर प्रदेश
सनातन आस्था के प्रमुख केंद्र अयोध्या में सरयू नदी को बेहद पवित्र माना जाता है। ऐसे धार्मिक स्थल पर कुछ युवकों द्वारा नाव में बैठकर बीयर और मटन पार्टी करने का वीडियो सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी फैल गई। इसे आस्था को ठेस पहुंचाने वाला मामला बताते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की।
उत्तर प्रदेश के अयोध्या में सरयू नदी के बीच नाव पर बीयर और मटन पार्टी करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। यह वीडियो कैंट थाना क्षेत्र के गुप्तार घाट का बताया जा रहा है। वीडियो में चार युवक नाव पर बैठकर बीयर पीते, मटन खाते दिखाई दे रहे हैं। जानकारी के अनुसार, गुप्तार घाट सरयू नदी का प्रमुख धार्मिक स्थल है, जहां हर दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। ऐसे पवित्र स्थान पर इस तरह की हरकत का वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने सोशल मीडिया पर कड़ी नाराजगी जताई और इसे धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाने वाला बताया।
वायरल वीडियो में एक युवक अपने साथ मौजूद दोस्तों का परिचय देता है और कहता है कि काफी समय बाद सभी दोस्त एक साथ मटन पार्टी कर रहे हैं। वह वीडियो में लवकुश निषाद, राजकुमार निषाद और जितेंद्र निषाद का नाम भी लेता है। साथ ही अपने एक अन्य साथी अमरजीत निषाद का जिक्र करते हुए उसके जल्द मिलने की बात कहता है।
वीडियो वायरल होने के बाद अयोध्या पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया, जांच कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



