लखनऊ
लखनऊ में आयोजित राष्ट्रीय युवा दिवस के कार्यक्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ
शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि हिन्दू धर्म की परंपरा महान रही है। हमने कभी
किसी को गुलाम नहीं बनाया। हमारे पास शक्ति और बुद्धि दोनों थीं, लेकिन हमने कभी उनका गलत प्रयोग नहीं किया।
हमारा रास्ता हमेशा मानवता के हित का रहा है।
आगे सीएम योगी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी ने भारत की सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना को पूरी दुनिया के सामने रखा। अपनी बौद्धिक क्षमता के बल पर उन्होंने भारत की पहचान वैश्विक मंच पर कराई। उस समय भारत की चेतना कमजोर हो गई थी और कुछ विदेशी आक्रांताओं ने देश को गुलाम बना लिया था। ऐसे समय में स्वामी विवेकानंद ने भारत को जागरूक करने का काम किया। साथ ही उन्होंने बताया कि स्वामी विवेकानंद ने शिकागो की धर्मसभा में गर्व से कहा था कि “मैं हिंदू हूं।” उन्होंने कहा था कि सनातन धर्म ने हमेशा मानव कल्याण का मार्ग दिखाया है। भारत ने कभी किसी पर अपनी बात जबरन नहीं थोपी, बल्कि संकट के समय दुनिया को शरण दी।
दुनिया को भारत पर भरोसा
सीएम योगी ने कहा कि आज पूरी दुनिया में उथल-पुथल है और कई देश भारत की ओर उम्मीद से देख रहे हैं। लोग कहते हैं कि “मोदी जी कुछ करिए।” यह भारत की ताकत और सामर्थ्य पर दुनिया के भरोसे को दिखाता है। इस भरोसे का सबसे बड़ा आधार भारत का युवा है।



