• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

मनसा देवी मंदिर से गंगोत्री धाम को प्रसाद रवाना, 19 अप्रैल को कपाट खुलेंगे

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

हरिद्वार, उत्तराखण्ड

हर वर्ष की तरह इस बार भी मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट ने गंगोत्री धाम के लिए खाद्य सामग्री से भरा ट्रक भेजा है। चरण पादुका मंदिर से पूजा-अर्चना के बाद इस ट्रक को रवाना किया गया। मंदिर के कपाट खुलने पर इसी सामग्री से प्रसाद बनाकर विशेष भोग लगाया जाएगा।

इस मौके पर निरंजनी अखाड़े के सचिव महंत रामरतन गिरी महाराज ने ट्रक को हरी झंडी दिखाई। वहीं गंगोत्री धाम के रावल शिवप्रकाश महाराज ने पूजा कर यात्रा के सफल और मंगलमय होने की प्रार्थना की। ट्रस्ट द्वारा भेजी गई सामग्री से बना प्रसाद हजारों श्रद्धालुओं में बांटा जाएगा, जिससे सेवा और आस्था की परंपरा को आगे बढ़ाया जाएगा। महंत रामरतन गिरी ने बताया कि हर साल गंगोत्री धाम में सबसे पहला भोग मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट की ओर से ही लगाया जाता है।

गंगोत्री धाम के रावल शिवप्रकाश महाराज ने कहा कि इस साल चारधाम यात्रा के लिए अच्छी तैयारियां की गई हैं। 18 अप्रैल को मां गंगा की डोली यात्रा मुखीमठ से गंगोत्री के लिए रवाना होगी और 19 अप्रैल को दोपहर 12:15 बजे मंदिर के कपाट खोले जाएंगे।उन्होंने श्रद्धालुओं की सुखद और सुरक्षित यात्रा की कामना की। यह परंपरा कई सालों से चली आ रही है, जिसे फिर से शुरू कर लगातार निभाया जा रहा है।