• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

गंगोत्री नेशनल पार्क की नेलांग घाटी में बारहमासी पर्यटन की तैयारी

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

उत्तरकशी

उत्तराखण्ड के सीमावर्ती क्षेत्र में स्थित गंगोत्री नेशनल पार्क की खूबसूरत नेलांग घाटी को अब सालभर पर्यटकों के लिए खोलने का निर्णय लिया गया है। सरकार का उद्देश्य शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देना और अधिक से अधिक लोगों को इस प्राकृतिक धरोहर से जोड़ना है। इसके लिए पार्क प्रशासन ने सुरक्षित और नियंत्रित पर्यटन गतिविधियों के संचालन हेतु एक मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार की है।पहले यह पार्क 1 अप्रैल से 30 नवंबर तक ही खुलता था और सर्दियों में यहां जाने पर रोक लग जाती थी।


अब सरकार ने शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए दिसंबर से मार्च तक भी नेलांग घाटी के कुछ हिस्सों को खोलने का फैसला किया है। इसके तहत भैरोंघाटी से नेलांग तक 23 किलोमीटर और नेलांग से नागा तक 7 किलोमीटर क्षेत्र पर्यटकों के लिए खुला रहेगा। बता दें सर्दियों में यहां घूमने के लिए खास नियम बनाए गए हैं। हर दिन अधिकतम 100 पर्यटकों और 20 वाहनों को ही प्रवेश मिलेगा। सुबह 8 बजे से 11 बजे तक ही एंट्री दी जाएगी और शाम 5 बजे तक सभी को वापस आना होगा।


 पर्यटकों के लिए शुल्क भी तय किया गया है-भारतीय पर्यटकों के लिए 300 रुपये और विदेशी पर्यटकों के लिए 1200 रुपये प्रति व्यक्ति शुल्क देना होगा। वाहनों के लिए अलग-अलग शुल्क निर्धारित किए गए हैं। कैमरे से फोटोग्राफी के लिए अलग शुल्क लगेगा, जबकि ड्रोन का प्रयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। साफ-सफाई का ध्यान रखने के लिए हर ग्रुप से 100 रुपये की सिक्योरिटी राशि ली जाएगी, जो कचरा वापस लाने पर लौटा दी जाएगी।