बिजनौर,उत्तर प्रदेश
नगीना की बेटी रूपाली अग्रवाल को अमेरिका के सिएटल में 'वूमन ऑफ सब्सटेंस' अवार्ड से सम्मानित किया गया है। उन्होंने अपने सामाजिक कार्यों और उपलब्धियों से भारत का नाम रोशन किया है। बता दें रूपाली अमेरिका में पार्टनरशिप में एक रेस्टोरेंट चलाती हैं और एक सामाजिक संस्था के माध्यम से समाज सेवा भी करती हैं। उन्होंने सिएटल पुलिस के सहयोग से 50 से अधिक बच्चियों को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिलवाया है। अपनी संस्था के माध्यम से उन्होंने वहाँ के सरकारी स्कूलों के वंचित बच्चों के भोजन के लिए 2 लाख 21 हजार रुपये और पाठ्य सामग्री के लिए 4 लाख 80 हजार रुपए का योगदान दिया। इसके साथ ही रूपाली ने वृंदावन स्थित मैत्री वृद्धाश्रम में रहने वाली 80 वर्षीय विधवा गायत्री मां के कैंसर ऑपरेशन के लिए 2 लाख 40 हजार रुपए की धनराशि भी एकत्रित की। उनकी संस्था द्वारा मैत्री वृद्धाश्रम में रहने वाली महिलाओं के लिए भोजन, कंबल, पानी की बोतलें और अन्य आवश्यक वस्तुएँ भी वितरित की गई। वही रेडमंड सिटी काउंसिल द्वारा संचालित सामाजिक संगठन ने रूपाली के सामुदायिक सेवा कार्यों की विशेष रूप से सराहना की है। इसी सम्मान के रूप में उन्हें ग्लोबल वुमन फेस्टिवल में 'वूमन ऑफ सब्सटेंस' अवार्ड प्रदान किया गया।



