उत्तरकाशी
उत्तराखण्ड के कुछ सीमावर्ती इलाकों में आज भी आईटीबीपी की कई पोस्ट ऐसी हैं, जहां बिजली जैसी सुविधा तक उपलब्ध नहीं है। अब इस समस्या को दूर करने के लिए एक बड़ी पहल की जा रही है। जी हां, उत्तराखण्ड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPCL) ने नई योजना तैयार की है। इस योजना के तहत आईटीबीपी की कई पोस्टों को सीधे बिजली के ग्रिड से जोड़ा जाएगा। योजना के पहले चरण में उत्तरकाशी जिले की आईटीबीपी की उत्तरकाशी-1 और उत्तरकाशी-2 पोस्ट तक ग्रिड से बिजली पहुंचाने की तैयारी की जा रही है। इसके साथ ही चमोली की माना वैली और निति वैली जैसे दूरस्थ सीमावर्ती क्षेत्रों को भी इस योजना में शामिल किया गया है। इन जगहों पर आईटीबीपी की महत्वपूर्ण तैनाती रहती है। बिजली की स्थायी व्यवस्था होने से जवानों को काफी राहत मिलेगी। साथ ही संचार और सुरक्षा से जुड़े उपकरणों को भी बेहतर तरीके से चलाया जा सकेगा।
इस योजना के तहत कई स्थानों पर नए सब-स्टेशन बनाए जाएंगे और पहाड़ी इलाकों में लंबी दूरी तक बिजली की लाइनें बिछाई जाएंगी। पहाड़ों की कठिन भौगोलिक स्थिति के कारण यह काम चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि योजना पूरी होने के बाद सीमावर्ती क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति मजबूत होगी। इससे सीमा पर तैनात जवानों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और इन इलाकों के विकास को भी नई गति मिलेगी।



