• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

गोमती नदी की बाढ़ से प्रभावित परिवारों की सहायता में जुटे संघ और सेवा भारती के कार्यकर्ता

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

लखनऊ, उत्तर प्रदेश

गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने से फैजुल्लागंज क्षेत्र की कई बस्तियां बाढ़ से प्रभावित हैं। इस मुश्किल घड़ी में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और सेवा भारती के स्वयंसेवक लगातार छह दिनों से प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाने में जुटे हैं। जलभराव के कारण लोगों का आवागमन कठिन हो गया है, वहां स्वयंसेवक नावों के सहारे पहुंचकर जरूरतमंद परिवारों को भोजन, पीने का पानी और रोजमर्रा की आवश्यक सामग्री उपलब्ध करा रहे हैं।

पिछले छह दिनों में करीब 10 हजार परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाई जा चुकी है। इस दौरान लगभग 10 हजार भोजन पैकेट और 30 हजार पानी की बोतलों का वितरण किया गया है। राहत अभियान के अंतर्गत प्रतिदिन सुबह और शाम दो बार भोजन एवं पेयजल वितरित किया जा रहा है। प्रतिदिन 800-1000 भोजन पैकेट और पानी की बोतलें प्रभावित परिवारों तक पहुंचाई जा रही हैं। भोजन और पानी के साथ-साथ प्रभावित परिवारों को नमकीन, बिस्किट, लाई, चना, मच्छरबत्ती सहित अन्य आवश्यक वस्तुएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।


65 कार्यकर्ता दो पालियों में संभाल रहे जिम्मेदारी

राहत अभियान में लगभग 65 कार्यकर्ता प्रतिदिन दो पालियों में सेवा दे रहे हैं। प्रत्येक नाव में 20-20 कार्यकर्ता राहत सामग्री लेकर प्रभावित बस्तियों की ओर निकलते हैं और जरूरतमंद परिवारों तक सहायता पहुंचाते हैं। स्वयंसेवकों का प्रयास है कि जलभराव से घिरे परिवारों को समय पर भोजन, पानी और आवश्यक सामग्री मिलती रहे।

दाऊद नगर, मामा कॉलोनी, यादव चौराहा और फैजुल्लागंज के अन्य प्रभावित इलाकों में स्वयंसेवक प्रत्यक्ष रूप से राहत कार्य कर रहे हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के करीब 80 प्रतिशत प्रभावित हिस्सों तक कार्यकर्ता पहुंचकर राहत सामग्री वितरित कर चुके हैं।


क्षेत्र में लगभग 40 हजार परिवार प्रभावित बताए गए हैं, जिनमें से लगभग 25 हजार परिवार पलायन कर चुके हैं। शेष करीब 15 हजार परिवारों तक नियमित राहत पहुंचाने का प्रयास जारी है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और सेवा भारती के स्वयंसेवक सेवा और सहयोग की भावना के साथ लगातार राहत कार्य में जुटे हैं, ताकि संकट की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों को आवश्यक मदद मिल सके। राहत अभियान के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र प्रचारक अनिल जी ने सहायता कार्य की जानकारी ली।