• अनुवाद करें: |
विशेष

साक्षात्कार: अभावों से हुआ संकल्प का जन्म

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

साक्षात्कार: अभावों से हुआ संकल्प का जन्म

काशी की बेटी सोनी चौरसिया का जन्म एक सामान्य परिवार में हुआ। प्रारंभिक जीवन अभावों और परिस्थितियों की कसौटी पर बीता। पारिवारिक परिस्थितियों के कारण उनका पालन-पोषण नाना-नानी ने किया। कई वर्षों तक वही  माता-पिता और उनका  संसार रहे। इन प्रारंभिक अभावों का उनके व्यक्तित्व पर गहरा प्रभाव पड़ा। शायद उन्हीं अभावों ने उनके भीतर आत्मनिर्भरता, दृढ़ता और संकल्प का बीज रोपा। बचपन से किसी कार्य को ठान लेने के बाद उसे पूरा करना उनके स्वभाव का हिस्सा रहा। आज लगता है, वह जिद नहीं, ईश्वर का दिया हुआ संकल्प था।

अदम्य साहस की प्रतिमूर्ति, अटूट संकल्प की साधिका और लक्ष्य के प्रति जुनून की जीवंत मिसाल काशी की बेटी सोनी चौरसिया। इन्होंने अभावों को अपनी शक्ति, संघर्ष को अपनी साधना और उपलब्धियों को समाज एवं राष्ट्र-सेवा का संकल्प बनाया; अपनी कला को कीर्तिमान, अपने खेल को अभियान और अपने प्रत्येक कदम को समाज एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण का माध्यम बनाया। आठवीं कक्षा में हरिश्चंद्र विद्यालय से शिक्षा प्राप्त की। आगे आर्य महिला पी.जी. कॉलेज से स्नातक तथा बनारस हिंदू विश्वविद्यालय से परफॉर्मिंग आर्ट्स में स्नातकोत्तर किया। एनसीसी ‘सी’, कबड्डी और खो-खो सहित खेलों में सक्रिय रही। धीरे-धीरे कला और खेल मेरे जीवन की दो धाराएं बन गए। अभावों ने मुझे खाली नहीं किया। उन्होंने मेरे भीतर वह स्थान बनाया जहाँ संकल्प ने जन्म लिया।

आपको कथक नृत्य के साथ रोलर स्केट करने की प्रेरणा कहाँ से मिली? 

संयुक्त परिवार के पारंपरिक परिवेश में पली-बढ़ी, जहाँ लड़कियों के सपनों की सीमाएं अक्सर तय होती थीं। खेल ने मुझे उन सीमाओं से बाहर की दुनिया दिखाई। इसी यात्रा में एक दिन मेरे रोलर स्केटिंग गुरु राजेश डोगरा जी को एक लड़की से कहते सुना - ”अगर तुम रोलर स्केटिंग पर कथक करोगी तो दुनिया में तुम अकेली लड़की होगी जो ऐसा करेगी।“ यह वाक्य मेरे भीतर संकल्प बनकर उतर गया। मैंने उसी क्षण मन में कहा - ”वह लड़की मैं बनूँगी।“ इसके बाद दिन-रात साधना शुरू हुई। पंडित ओमप्रकाश मिश्रा जी से लखनऊ घराने के कथक और राजेश डोगरा जी से रोलर स्केटिंग की शिक्षा ने दोनों विधाओं को एकाकार किया। पहियों की गति और कथक की लय-ताल के इस अद्भुत संगम से रोलर स्केट पर कथक की नई पहचान बनी। इसी अनुभव से आगे चलकर ‘Dance on Wheel’ (डांस ऑफ ह्वील) की परिकल्पना जन्मी। रोलर स्केटिंग सीखने वाले बच्चों की प्रतिभा को एक मंच पर लाकर उन्हें नृत्य, लय, अनुशासन और सामूहिक प्रस्तुति से जोड़ने का प्रयास किया। मेरे लिए यह केवल एक संस्था नहीं, बल्कि इस विश्वास का विस्तार था कि हर बच्चे के भीतर प्रतिभा है, जिसे सही दिशा और अवसर चाहिए। गंगा महोत्सव, वाराणसी महोत्सव सहित अनेक मंचों पर इस कला को प्रस्तुत करने का अवसर मिला। भारतीय संस्कृति और शास्त्रीय कला को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से 2017-18 में कथक की कार्यशालाओं के माध्यम से भी इस कला को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया। मेरे गुरुओं ने मुझे केवल कला ही नहीं दी; उन्होंने मेरे भीतर यह विश्वास जगाया - ”तुम्हारे भीतर कला है, तुम कुछ भी कर सकती हो।“ मेरा मानना है कि ”प्रतिभा ईश्वर का वरदान हो सकती है, लेकिन उसे समाज और राष्ट्र के काम में लगाना हमारी जिम्मेदारी है।“

आपको किन-किन चुनौतियों का सामना करना पड़ा?

जीवन ने मुझे अनेक बार परखा। परिवार का साथ न होना, सीमित संसाधन और अनिश्चित भविष्य - सब सामने थे। लेकिन मैंने सीखा कि रोने से परिस्थितियां नहीं बदलतीं; सबसे बड़ी लड़ाई किसी और से नहीं, स्वयं से होती है। कॉलेज के बाद बच्चों को नृत्य सिखाया, मेहंदी लगाई और छोटी-छोटी बचत से अपनी साधना के साधन जुटाए। पहली रोलर स्केट तक गुल्लक में जमा सिक्कों से खरीदी। कभी पैदल, कभी साइकिल और कभी ऑटो से लंबी दूरी तय करके प्रशिक्षण के लिए जाती रही। मेरे दोनों गुरु कठोर अवश्य थे, लेकिन उन्हीं की कठोरता ने मुझे फौलाद बना दिया। अप्रैल 2004 में ढाका में आयोजित अंतरराष्ट्रीय रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए रजत पदक प्राप्त किया। 2010 में रोलर स्केट पर कथक की नई विधा को मंच मिला। इसके बाद 24 घंटे लगातार रोलर स्केट पर कथक और फिर 126 घंटे लगातार कथक का विश्व रिकॉर्ड! हर उपलब्धि के पीछे वर्षों की तपस्या थी। 87 घंटे के प्रयास के बाद स्वास्थ्य के कारण रुकना पड़ा, लेकिन मैंने असफलता को अंत नहीं, अगली विजय की तैयारी माना। मेरी साधना को पहचान मिली और 2016-17 में उत्तर प्रदेश के सर्वाेच्च सम्मान ‘यश भारती’ से सम्मानित होने का गौरव मिला। 1 मई 2017 को वाराणसी के सांसद एवं भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा सम्मान प्राप्त हुआ। ये सम्मान मेरे लिए व्यक्तिगत गौरव से अधिक मेरी कला, खेल और साधना का सम्मान हैं। जीवन ने फिर कठोर परीक्षा ली। 10,500 किलोमीटर की यात्रा के दौरान नागपुर के पास मेरा गंभीर एक्सीडेंट हुआ। रीढ़ सहित शरीर की कई हड्डियां प्रभावित हुईं और डॉक्टरों ने लंबे समय तक उठने से मना किया। आत्मबल, इच्छाशक्ति, चिकित्सकीय सहयोग और आयुर्वेदिक उपचार के सहारे लगभग तीन महीने बाद धीरे-धीरे चलना शुरू किया और छह महीने में स्वयं को फिर साधना के लिए तैयार किया। इसके बाद गंगोत्री से गंगासागर तक रोलर स्केटिंग की यात्रा माँ गंगा को समर्पित करने का संकल्प लिया। श्रीरामलला की ऐतिहासिक प्राण-प्रतिष्ठा के अवसर पर काशी से अयोध्या तक राज्य द्वारा भेजे जाने का अवसर भी मेरे लिए संस्कृति, आस्था और राष्ट्र-चेतना से जुड़ा गौरवपूर्ण अनुभव रहा। 2021 में SG से जुड़ने और पूर्वांचल युवा ब्रांड एंबेसडर के रूप में कार्य करने का अवसर मिला। इन सभी यात्राओं ने मुझे एक बात सिखाई - गिरी तो धरती ने थामा, टूटी तो संकल्प ने जोड़ा; हर बार बिखरी जरूर, पर हर बार पहले से अधिक मजबूत होकर खड़ी हुई

युवाओं के लिए आप क्या संदेश देना चाहेंगी?

युवाओं से मेरा पहला संदेश है - मेहनत का कोई विकल्प नहीं होता। शॉर्टकट सफलता दे सकता है, लेकिन साधना व्यक्तित्व बनाती है। जिस दिशा को चुनें, उसमें कुछ वर्ष पूरे समर्पण से लगा दीजिए। सफलता के लिए केवल प्रतिभा और परिश्रम ही नहीं, स्वस्थ शरीर और संतुलित मन भी आवश्यक हैं। मेरा विश्वास है, जो स्वयं स्वस्थ और मानसिक रूप से संतुलित है, वही अपने परिवार, समाज और राष्ट्र के लिए सार्थक योगदान दे सकता है। अपनी साधना के दौरान गंगा पार करना, बालू में दौड़ना, योग-व्यायाम और घंटों घुंघरू बाँधकर रियाज करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा रहा। मैंने सादगीपूर्ण, प्राकृतिक और देसी आहार को प्राथमिकता दी जैसे गर्म पानी, हल्दी वाला दूध, अंकुरित चने और शुद्ध भोजन मेरी ऊर्जा के आधार रहे। शरीर साधना का माध्यम है और मन उसकी दिशा; शरीर स्वस्थ, मन स्थिर और संकल्प अडिग हो, तो मनुष्य अपनी सीमाओं से बहुत आगे जा सकता है।  आज युवाओं के पास अवसर और साधन पहले से कहीं अधिक हैं। इसलिए केवल सफल बनना पर्याप्त नहीं; अपनी सफलता को समाज और राष्ट्र के लिए उपयोगी बनाना भी आवश्यक है। आधुनिक बनिए, आगे बढ़िए, लेकिन अपनी जड़ों से कभी मत कटिए। हमारी संस्कृति केवल पहचान नहीं, हमारी आत्मा है। आप दुनिया के किसी भी कोने में रहें, आपके हृदय में अपनी मातृभूमि के लिए धड़कन बनी रहनी चाहिए। जिस मिट्टी ने हमें जन्म दिया, उसके प्रति हमारा भी दायित्व है। अपने संस्कार, संस्कृति और राष्ट्रभाव को अगली पीढ़ी तक पहुंचाइए और ऐसा जीवन जीएं कि आपकी उपलब्धियां केवल आपकी न रहें, बल्कि किसी और के लिए प्रेरणा बनें।

 कला के माध्यम से आप समाज को क्या दे पा रही हैं?

मेरी कला का उद्देश्य भी अब केवल मंच की तालियों तक सीमित नहीं है। मैं विशेष आवश्यकता वाले एवं दिव्यांग बच्चों के लिए Dance as Therapy (डांस एज थिरैपी) के माध्यम से कार्य कर रही हूँ, ताकि कला उनके जीवन में आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति और आनंद का माध्यम बन सके। सबसे बड़ी उपलब्धि यह नहीं कि दुनिया आपके नाम से परिचित हो; सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि आपके कारण किसी और की दुनिया बदल जाए। मेरी यात्रा अभी शेष है। ईश्वर ने जीवन में जो भी पथ दिखाया, मैं उस पर पूरी निष्ठा और विश्वास के साथ चलती गई।

आपकी इस यात्रा में किस किस का महती योगदान रहा है?

 इसी यात्रा में मुझे वंदनीय शांतक्का जी, अखिल भारतीय प्रमुख संचालिका, राष्ट्र सेविका समिति का सान्निध्य मिला। उन्होंने मुझे संघ परिवार से जुड़ने का मार्ग दिया। इसके पश्चात् मैंने प्रथम वर्ष संघ शिक्षा वर्ग का प्रशिक्षण प्राप्त किया और अपनी कला, खेल तथा ऊर्जा को राष्ट्रकार्य के लिए समर्पित करने का संकल्प और दृढ़ किया। आज अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, क्रीड़ा भारती एवं मातृशक्ति के विभिन्न दायित्वों के माध्यम से समाज और राष्ट्र निर्माण के कार्यों से जुड़कर सेवा का अवसर मिल रहा है। मैं अपने गुरुओं, चिकित्सकों, आहार विशेषज्ञों, परिवारजनों, सहयोगियों और उन असंख्य शुभचिंतकों के प्रति हृदय की गहराइयों से कृतज्ञ हूँ, जिन्होंने मेरे लक्ष्य को अपना लक्ष्य समझकर मेरा साथ दिया। उन लोगों के प्रति भी नतमस्तक हूँ, जो मुझे व्यक्तिगत रूप से नहीं जानते थे, फिर भी मेरे लिए प्रार्थना करते रहे।

मैं बच्चों से हमेशा कहती हूँ- ”अपने जीवन में ऐसा कुछ करिए कि आपकी पहचान केवल आपके नाम से नहीं, आपके कर्मों से हो; जब लोग आपका उल्लेख करें, तो उसमें सम्मान हो और आपकी कहानी किसी दूसरे के जीवन में प्रेरणा बन जाए।“ मेरे लिए सफलता कोई अंतिम पड़ाव नहीं, एक सतत यात्रा है। अभी अनेक लक्ष्य शेष हैं, अनेक सपने साकार होने बाकी हैं। समाज एवं राष्ट्र के लिए बहुत कुछ करना बाकी है। मैं गिरना जानती हूँ, इसलिए उठना भी जानती हूँ। मैं संघर्ष से गुजरी हूँ, इसलिए संकल्प की शक्ति पहचानती हूँ। 

मैं रुकना नहीं जानती, क्योंकि मेरी मंजिल केवल मेरी नहीं बल्कि समाज, संस्कृति और राष्ट्र से जुड़ी है।

संकल्प यदि अडिग हो, तो परिस्थितियाँ पथ बन जाती हैं। साधना यदि सच्ची हो, तो असंभव भी संभावना बन जाता है।

मेरी यात्रा अभी थमी नहीं है।

मेरी मंजिलें अभी बाकी हैं।

और जब तक साँस है,

तब तक साधना, सेवा और राष्ट्र के प्रति समर्पण का यह पथ चलता रहेगा।