• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

देश और समाज के बारे में सोचने वाले नागरिकों का निर्माण करना ही संघ का कार्य है - रामलाल जी

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

नागपुर

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता विकास वर्ग - २ (विशेष) का उद्घाटन रविवार सुबह नागपुर के स्मृति भवन परिसर स्थित संत शिरोमणि रविदास सभाकक्ष में हुआ।

वर्ग के पालक अधिकारी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय संपर्क प्रमुख रामलाल जी ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक किसी एक व्यक्ति के जयकारे या संघ के जयकारे के लिए काम नहीं करते, बल्कि केवल ‘भारत माता की जय’ के लिए जीवनभर काम करते हैं। क्योंकि देश और समाज के बारे में सोचने वाले नागरिकों का निर्माण करना ही संघ का कार्य है।

मंच पर सह सरकार्यवाह मुकुंद जी तथा वर्ग के सर्वाधिकारी छत्तीसगढ़ प्रांत संघचालक डॉ. टोपलाल वर्मा जी उपस्थित थे। भारत माता की प्रतिमा पर पुष्पार्चन किए जाने के बाद संगठन मंत्र के साथ वर्ग का औपचारिक शुभारंभ हुआ। यह प्रशिक्षण वर्ग 16 दिसंबर तक चलेगा। इसमें देशभर से 500 शिक्षार्थी सहभागी हुए हैं।

रामलाल जी ने कहा, ‘‘राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक पूजनीय डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार जी ने दूरदर्शिता के साथ संघ की स्थापना की। अंग्रेजी सत्ता के विरुद्ध देशभर में चल रहे संघर्ष के कारण देश को निश्चित रूप से स्वाधीनता मिलेगी, परंतु पुनः ऐसी परिस्थिति न आने पाये, इसलिए संघ की स्थापना हुई। राष्ट्र को बेहतर बनाने के लिए नागरिकों का राष्ट्रभक्त होना आवश्यक है। अपनी संस्कृति पर गर्व होना चाहिए, संपूर्ण समाज में एकता होनी चाहिए और ‘‘भारत माता की जय’’ ऐसा एक सूत्र होना चाहिए, जिसमें किसी प्रकार का भेदभाव न हो। इस बात को डॉ. हेडगेवार ने समझा था। इसलिए संघ की रचना भी इसी दृष्टि से की। संघ की १०० वर्षों की यात्रा में अनेक संकट आते रहे हैं। तीन बार प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद स्वयंसेवक विचलित नहीं हुए। स्वयंसेवकों की कर्मठता, निष्ठा और जीवटता के कारण ही संघ आज इतना बड़ा हुआ है। संघ की कार्यपद्धति धीरे-धीरे विकसित होती गई। इस कार्यपद्धति में समय के अनुसार बदलाव होते रहते हैं। जबकि संघ का मूल विचार आज भी कायम है।


‘प्रशिक्षण के लिए संकल्प आवश्यक’

शिक्षार्थियों को प्रशिक्षण वर्ग का महत्व समझाते हुए उन्होंने कहा, ‘यहां आए सभी कार्यकर्ताओं को संघ की पूरी जानकारी है। ऐसे में अब नया क्या सीखना है, यह सवाल उठ सकता है। लेकिन संघ की वैचारिक गहराई को समझने और उसमें विशेषज्ञता हासिल करने के लिए इस वर्ग का आयोजन किया जाता है। संघ से जुड़े प्रत्येक विषय का गहन अध्ययन हो, यही इस प्रशिक्षण का उद्देश्य है। यह एक प्रकार की साधना है। प्रशिक्षण उचित तरीके से हो, इसके लिए संकल्प आवश्यक है। अगले 25 दिन तक स्मृति मंदिर के इस पवित्र परिसर में प्रशिक्षण प्राप्त कर हम भारत माता की सेवा के लिए और भी सक्षम बनेंगे। कार्यकर्ता विकास वर्ग द्वितीय विशेष का समापन 16 दिसंबर को दीक्षांत के पश्चात होगा।