लखनऊ, उत्तर प्रदेश
प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार के अवसर
उपलब्ध कराने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने
कहा कि अगले छह माह में एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र दिए
जाएंगे।
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित नियुक्ति-पत्र वितरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कृषि विभाग के 3,446 प्राविधिक सहायकों और मंडी परिषद के 126 नवचयनित मंडी सचिवों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सरकारी भर्तियां अब पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से हो रही हैं। युवाओं को बिना सिफारिश और बिना किसी लेनदेन के नौकरी मिल रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि योग्य युवाओं को उनकी मेहनत और योग्यता के आधार पर रोजगार मिले।
मुख्यमंत्री ने बताया कि उनकी सरकार अब तक 9.30 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दे चुकी है। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है और इसी दिशा में आगे भी लगातार काम किया जाएगा। उन्होंने नवचयनित युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें और प्रदेश के विकास में योगदान दें।



